चलंत लोक अदालत वैन से जागरूकता अभियान
सिमडेगा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा लचरागढ़ क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और लोक अदालत की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना है। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और उन्हें कानूनी सहायता के लिए प्रेरित किया गया।

सिमडेगा, जिला प्रतिनिधि। जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा लचरागढ़ क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके कानूनी अधिकारों,निःशुल्क विधिक सहायता तथा लोक अदालत की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना है। कार्यक्रम के दौरान असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल,पीएलवी मदन दास एवं रोशन कुलू ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों के त्वरित निष्पादन की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए और अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। टीम द्वारा सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित लोगों से आवेदन भी लिए गए। प्राप्त आवेदनों को झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से संबंधित विभागों को भेजा जाएगा,ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि वे किसी भी प्रकार के कानूनी विवाद,घरेलू हिंसा,भूमि विवाद,श्रम संबंधी समस्याएं,पेंशन,राशन या अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों में प्राधिकार से संपर्क कर सकते हैं। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लोगों को उनके अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने बताया कि यह विशेष अभियान 30 अप्रैल तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चलत लोक अदालत वैन के माध्यम से उन क्षेत्रों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है,जहां के लोग सामान्यतः न्यायिक प्रक्रिया से दूर रह जाते हैं। इस अभियान के जरिए लोगों को न केवल जागरूक किया जा रहा है,बल्कि मौके पर ही उनकी समस्याओं का समाधान करने की दिशा में भी पहल की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


