
जनता और न्याय व्यवस्था के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी हैं पीएलभी: सचिव
सिमडेगा में पारा लीगल वॉलेंटियर की बैठक और प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। सचिव मरियम हेमरोम ने पीएलवी के कार्यों की समीक्षा की और उन्हें न्याय व्यवस्था में महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने पीएलवी से जरूरतमंदों को कानूनी सहायता देने का निर्देश दिया। 10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस पर जागरूकता शिविर लगाने की योजना है।
सिमडेगा, प्रतिनिधि। पारा लीगल वॉलेंटियर की बैठक सह प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन गुरुवार को डालसा कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने की। इस दौरान पीएलवी के कार्यों, उपलब्धियों और विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। सचिव मरियम हेमरोम ने कहा कि सभी पीएलभी आम जनता और न्याय व्यवस्था के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सभी पीएलभी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रहकर लोगों की समस्याओं को सुनें। अपने प्रतिनियुक्त स्थान थाना, लीगल एड क्लिनिक,लीगल लिटरेसी क्लब,पंचायत सचिवालय आदि स्थानों पर निर्धारित दिन को बैठें और जरूरतमंदों की सहायता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय सुलभ हो।
इसके लिए पीएलवी को चाहिए कि वे कमजोर,वंचित और असहाय वर्गों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क कानूनी सहायता और सलाह उपलब्ध कराएं। बैठक में सचिव ने बताया कि 10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस के अवसर पर क्षेत्र में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगें। इन शिविरों में लोगों को उनके मौलिक अधिकारों और कानूनी सहायता की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने 21 दिसंबर को प्रस्तावित मेगा इंपावरमेंट कैंप के प्रचार-प्रसार को तेज करने का निर्देश दिया। कार्यशाला में चीफ एलएडीसीएस प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने भी पीएलवी को प्रशिक्षित किया। उन्होंने विभिन्न कानूनी प्रावधानों,नालसा-झालसा के दिशा निर्देशों तथा मामलों के संकलन,रिपोर्टिंग और त्वरित सहायता से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




