Simdega News: रात्रि गश्ती को लेकर सघन निगरानी एवं औचक निरीक्षण अभियान
Simdega News: एसपी श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

Simdega News: सिमडेगा, जिला प्रतिनिधि। एसपी श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना/ओपी क्षेत्रों में रात्रि में वरीय पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षक सिमडेगा, बानो, जलडेगा, कुरडेग अंचल के द्वारा रात्रि गश्ती दलों की सक्रियता, वाहन जांच अभियान, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस बल की कार्यप्रणाली का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिया गया।
साथ ही गश्ती दलों को प्रभावी एवं नियमित गश्त सुनिश्चित करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए। मौके पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में थाना ओडी ड्यूटी में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं सुरक्षा गार्डों का भी निरीक्षण किया गया। उन्हें रात्रि के समय विशेष सतर्कता बरतने, थाना परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


