Simdega News: अतिवृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, विधायक ने लिया जायजा
Simdega News: कोलेबिरा विस क्षेत्र में लगातार बारिश ने किसानों की फसलों और खेतों को भारी नुकसान पहुंचाया है। विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण कई किसानों को खेतों को फिर से खेती योग्य बनाने के लिए 50 हजार से एक लाख रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।

Simdega News: ठेठईटांगर, प्रतिनिधि। कोलेबिरा विस क्षेत्र में लगातार हुई बारिश और अतिवृष्टि से किसानों की फसलों के साथ खेतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। स्थिति का जायजा लेने के लिए कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी ने ठेठईटांगर प्रखंड के कोरोमियां पंचायत के भूटकूदर, कर्रामुंडा सहित विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
किसानों की समस्याएँ
इस दौरान विधायक ने किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात कर बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। कई जगह मिट्टी का कटाव होने से खेतों की संरचना प्रभावित हुई है। वहीं, कई खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई है। खेतों में मिट्टी और मलबा जमा होने से किसानों के सामने अगली फसल की तैयारी को लेकर भी परेशानी खड़ी हो गई है।
आर्थिक बोझ
विधायक ने प्रभावित खेतों का स्थल निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए कई किसानों को खेतों को दोबारा खेती योग्य बनाने में 50 हजार से एक लाख रुपये या इससे अधिक खर्च करना पड़ सकता है। इससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से फसल और खेत दोनों को नुकसान पहुंचना किसानों के लिए दोहरी मार है।
सरकार से मांग
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक सर्वे कराकर वास्तविक क्षति का आकलन करने और किसानों को तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग सरकार से की। मौके पर विधायक प्रतिनिधि मो समी आलम, रावेल लकड़ा, मो कारू, सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, बसंत सुरीन, राजेश डुंगडुंग, सुलेमान तोपनो, जिदन टोपनो, बेनेदिक लकड़ा आदि मौजूद थे।


