डीसी ने पांच प्रखंडों के राशन डीलरों को दिया 4G ई-पोस मशीन
सिमडेगा में डीसी कंचन सिंह की अध्यक्षता में पीडीएस डीलरों को 4G ई-पोस मशीनों का वितरण किया गया। सभी डीलरों को मशीन के संचालन और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशिक्षण दिया गया। डीसी ने सही उपयोग सुनिश्चित करने और लाभुकों का ई-केवाईसी पूरा कराने पर जोर दिया।

सिमडेगा, प्रतिनिधि। डीसी कंचन सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में गुरुवार को पीडीएस डीलरों के बीच 4G ई-पोस मशीन का वितरण किया गया। मौके पर मशीन की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं तकनीकी विशेषताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी गई। बताया गया कि विजनटेक दल द्वारा जिला के पांच प्रखंडों-सिमडेगा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र, पाकरटांड़, ठेठईटांगर, बोलबा तथा बांसजोर के सभी डीलरों के बीच 4G ई-पोस मशीनों का वितरण किया गया है। वितरण के साथ-साथ डीलरों को मशीन के संचालन, लाभुक सत्यापन, लेन-देन प्रक्रिया एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया। ताकि भविष्य में खाद्यान्न वितरण में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।
मौके पर डीसी कंचन सिंह ने डीलरों को निर्देश देते हुए कहा कि 4G ई-पोस मशीन का नियमित एवं सही उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने डीलरों को लाभुकों के साथ अच्छा व्यवहार बनाए रखते हुए ससमय खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण करने का निर्देश दिया। साथ ही विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लाभुकों का ई-केवाईसी पूरा कराने पर बल दिया गया। जिन लाभुकों के राशन कार्ड में अभी तक आधार सीडिंग नहीं हुई है, उनके लिए समय-सारिणी निर्धारित कर आधार सीडिंग की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करें। इसके अतिरिक्त आयोग्य राशन कार्डधारियों की पहचान कर उनकी छंटनी करने का भी डीसी निर्देश दिया। मौके पर एसी ज्ञानेन्द्र, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




