जनता दरबार में डीसी ने सुनी ग्रामीणों की समस्या
सिमडेगा में डीसी कंचन सिंह की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं जैसे भूमि अधिग्रहण, पेयजल संकट, आवास योजनाओं और रोजगार के मुद्दों पर शिकायतें कीं। डीसी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

सिमडेगा, जिला प्रतिनिधि। डीसी कंचन सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं। डीसी ने एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए मामलों को अग्रसारित किया। जनता दरबार में मुख्य रूप से कुरडेग-गाड़ियाजोर मुख्य पथ चौड़ीकरण से संबंधित अधिग्रहित भूमि को छोड़कर शेष भूमि को प्रतिबंधित सूची से मुक्त करने, रसोईयों के लंबित मानदेय भुगतान, ग्राम कोल्यादमर एवं बंगारू पहाड़ टोली से जामडांट तक सड़क एवं गार्डवाल निर्माण, पेयजल संकट, दर्ज मामलों में सुनवाई एवं कार्रवाई नहीं होने, आवास योजनाओं (प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास) का लाभ दिलाने एवं लंबित किस्त भुगतान, रोजगार उपलब्ध कराने, आंगनवाड़ी सहायिका पद हेतु आवेदन, घर की मरम्मति, चापाकल खुदाई में बाधा, जमीन मापी एवं मैरिज सर्टिफिकेट निर्गत नहीं करने जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करें तथा लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी दयानंद कार्जी, एनडीसी समीर रेनियर खलखो सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


