Simdega News: शिशु मंदिर में राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन
Simdega News: सिमडेगा में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित राखी बनाओ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कक्षा चतुर्थ से दशम तक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य सैनिकों के प्रति प्रेम और शुभकामनाओं का रक्षा-सूत्र भेजना था। विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगी और कलात्मक राखियाँ बनाई, जिसमें देशभक्ति की भावना झलकती है।

Simdega News: सिमडेगा, प्रतिनिधि। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सलडेगा में सिमडेगा अनुमंडलीय डाक विभाग के सौजन्य से राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा चतुर्थ से दशम तक के भैया-बहनों ने भाग लेकर अपनी सृजनात्मक प्रतिभा, कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य
बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सुंदर राखियाँ बनाने के साथ देश की सीमाओं पर दिन-रात मातृभूमि की रक्षा में तत्पर रहने वाले वीर भारतीय सैनिकों तक बहनों के प्रेम और शुभकामनाओं का रक्षा-सूत्र पहुंचाना था। इसी भावना के साथ विद्यार्थियों द्वारा प्रेमपूर्वक तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियां भारतीय सीमा पर तैनात वीर सैनिकों को भेजी गई। इन राखियों में रंगों और कलात्मकता के साथ-साथ देशभक्ति, सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीयता की भावनाएँ भी गुंथी हुई थीं। प्रतियोगिता में भैया-बहनों ने कागज, ऊन, रंग-बिरंगे धागों, मोतियों तथा अन्य सजावटी सामग्रियों का रचनात्मक प्रयोग करते हुए आकर्षक और मनमोहक राखियों का निर्माण किया। किसी राखी में तिरंगे की झलक दिखाई दी तो किसी में सुंदर मोतियों और रंगीन धागों का मनोहारी संयोजन देखने को मिला। मौके पर सिमडेगा अनुमंडलीय डाक निरीक्षक विनय कुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्व की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात सैनिक हमारे देश की सुरक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में अपना जीवन समर्पित करते हैं। कार्यक्रम में अनुमंडलीय डाक सहायक प्रदीप द्विवेदी, डाक सहायक राजू चौधरी, डाक अधिदर्शक सरोज कुमार, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव अजय वर्मा, प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार पाठक, आचार्य मनोज प्रसाद, आशीष बड़ाईक आदि उपस्थित थे।

