
झारखंड में कपड़ा दुकानदार को फिरौती के लिए कॉल, दुबई में बैठे गैंगस्टर के नाम पर मांगे 1 करोड़ रुपए
इस बारे में टाउन पुलिस थाने के प्रभारी ज्योति लाल राजवार ने कहा, ‘मंगलवार को शिकायत मिलने के बाद हमने मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।’
झारखंड के पलामू जिले के एक दुकानदार ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने दावा किया है कि दुबई में रहने वाले एक गैंगस्टर ने उससे रंगदारी के तौर पर एक करोड़ रुपए मांगे हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में कपड़े की दुकान चलाने वाले उस शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे एक अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर से वॉट्सऐप पर कॉल आई थी, जिसके जरिए उसे धमकाते हुए उससे यह रकम मांगी गई।
इस बारे में टाउन पुलिस थाने के प्रभारी ज्योति लाल राजवार ने कहा, ‘मंगलवार को शिकायत मिलने के बाद हमने मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।’
कोडरमा में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़
उधर एक अन्य घटनाक्रम में प्रदेश के कोडरमा जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सतगांवा थाना क्षेत्र के ग्राम मामा टोला (बासोडीह) में संचालित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण बैंकिंग सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक उसे इस बारे में 13 जनवरी को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि मामा टोला निवासी सुभाष कुमार अपने नए घर बली महरी (बासोडीह) में मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाने का अवैध धंधा चला रहा है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह GOEXCH777 एवं स्काईएक्सचेंज नामक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन गेम और क्रिकेट मैचों में सट्टा खिलवाने का काम करता था तथा ब्रोकर की भूमिका निभाता था। इस अवैध गतिविधि में संदीप यादव और निवास कुमार सहित अन्य अज्ञात लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है।





