Saraikela News: राजनगर-सरायकेला सड़क बदहाल, भारी वाहनों के परिचालन पर रोक की मांग
Saraikela News: राजनगर के ग्रामीणों ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को सड़क के जर्जर हालात और भारी वाहनों की अनुमति न देने की मांग के साथ आवेदन सौंपा। सड़क के गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर वे सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।

Saraikela News: राजनगर। राजनगर से सरायकेला जाने वाली जर्जर सड़क के निर्माण और भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति से उत्पन्न समस्याओं और दुर्घटना की आशंका से प्रशासन को अवगत कराया।आवेदन में बताया गया है कि राजनगर-सरायकेला मुख्य मार्ग पर सारंगपोसी, मझला दावना और सिदमा के पास भारी वाहनों के लगातार परिचालन से सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। हाल के दिनों में ट्रेलर पलटने और भारी वाहनों के फंसने की घटनाएं भी हुई हैं। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।ग्रामीणों
ने सड़क का जल्द निर्माण कराने और निर्माण पूरा होने तक सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि दो सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरकर भारी वाहनों को रोकने के लिए बाध्य होंगे। आवेदन की प्रतिलिपि जिला परिवहन पदाधिकारी, सरायकेला तथा दोनों थानों के प्रभारियों को भी दी गई।


