सड़क हादसे में सिविल ठेकेदार की मौत
सरायकेला के खरसावां थाना क्षेत्र में अर्जुन मल्लिक (52) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह बुरुडीह के निकट रुंगटा स्टील प्लांट में सिविल ठेकेदार थे। तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

सरायकेला,संवाददाता। जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत बेगनाडीह निवासी अर्जुन मल्लिक (52) की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुरुडीह के पास बाईपास रोड स्थित पंचु ढाबे के सामने हुई। मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन मल्लिक बुरुडीह के निकट निर्माणाधीन रुंगटा स्टील प्लांट में सिविल ठेकेदार के रूप में कार्यरत थे। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह प्लांट से खाना खाने के लिए घर बेगनाडीह जा रहे थे। इसी दौरान, बुरुडीह बाईपास के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक जिसमें दो युवक थे, ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्जुन मल्लिक सड़क पर दूर जा गिरे।
जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एम्बुलेंस के जरिये अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टक्कर मारने वाले बाइक सवार 25 वर्षीय अज्ञात युवक जिसकी पहचान नहीं हो पायी थी, गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसे सदर अस्पताल सरायकेला में प्राथमिक उपचार करने के बाद एमजीएम जमशेदपुर भेज दिया गया।जबकि दूसरा युवक वहां से भाग गया। अज्ञात युवक का प्राथमिक उपचार करने के दौरान घटना में मृत व्यक्ति के परिजन हंगामा करने लगे। जिसके कारण अस्पताल प्रबंधन ने सरायकेला पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तुरंत मामले को संभालते हुए घायल को एम्बुलेंस से जमशेदपुर भिजवाया।प्राथमिकी दर्ज करने वाले मृतक के भतीजे अनिल तांती ने कहा कि घायल युवक का नाम हाफिज, बेहरासाई का रहने वाला है। इधर युवक की स्थिति गम्भीर बताई जा रही है। घटना के बाद मृत अर्जुन के गांव बेगनाडीह में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


