Saraikela News: राजनगर में ब्रेकडाउन ट्रक से टकराई बाइक, रुंगटा स्टील प्लांट के कर्मी की मौत
Saraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर में एनएच-220 पर बाइक सवार युवक रोहित यादव की दुर्घटना में मौत हो गयी। वह चालियामा स्थित रुंगटा स्टील प्लांट से लौट रहा था, तभी एक ब्रेकडाउन ट्रक से टकरा गया। रोहित अस्पताल ले जाते समय अपनी जान गंवा दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने रात में ऐसे वाहनों के खड़े रहने को खतरनाक बताया।

Saraikela News: राजनगर, संवाददाता। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर में एनएच-220 पर दुर्घटना में बाइक सवार युवक रोहित यादव की मौत हो गयी। वह बुधवार रात दस बजे चालियामा स्थित रुंगटा स्टील प्लांट में ड्यूटी कर लौट रहा था। तभी मुरुमडीह गांव के पास सड़क किनारे ब्रेकडाउन ट्रक से बाइक टकरा गयी और उसकी मौत हो गयी। रोहित यादव मूल रूप से बिहार के सिवान का रहनेवाला था।
घटना का विवरण
बताया जाता है कि रोहित ड्यूटी खत्म होने पर बाइक (जेएच-05 डीएन-1481) से क्वार्टर लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में मुरुमडीह पुलिया स्थित एक लाइन होटल में रात का भोजन लेने जा रहा था। तभी मुरुमडीह के पास सड़क किनारे अंधेरे में बगैर सुरक्षा संकेतक के खड़े ब्रेकडाउन ट्रक के पीछे से बाइक टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय निवासियों की राय
ग्रामीणों का कहना है कि हाइवे पर रात के समय ऐसे वाहनों के बेतरतीब खड़े रहने से हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है, जो लोगों की जान ले रहा है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में करने के साथ दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया।


