देवली के हर हर महादेव मंदिर में भोक्ता परब संपन्न
खरसावां के हर हर महादेव मंदिर, देवली में आयोजित तीन दिवसीय पारंपरिक भोक्ता परब सोमवार को छऊ नृत्य के साथ संपन्न हुआ। भीड़ ने पूजा-अर्चना में भाग लिया, जबकि महिला कलाकारों की छऊ नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस धार्मिक उत्सव में भक्तों ने कई कार्यक्रमों में भाग लिया और त्योहार की विशेष पूजा की।

खरसावां,संवाददाता। प्रखंड के हर हर महादेव मंदिर, देवली में बीते 13 जून से आयोजित तीन दिवसीय पारंपरिक भोक्ता परब सोमवार को छऊ नृत्य के साथ संपन्न हो गया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव में तीन दिनों तक श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ उमड़ी। मेले के दूसरे दिन, 14 जून की रात को गइरा घट लाने के दौरान जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्य पुजारी मुर्धनी नायक की अगुवाई में सभी उपासकों ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। जिसके बाद घट को महादेव मंदिर में स्थापित किया गया। वहीं, सोमवार सुबह काली घट लाया गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तों ने मन्नतें पूरी होने पर बकरे की बलि भी चढ़ाई।
उत्सव का समापन
15 जून की रात को आयोजित छऊ नृत्य कार्यक्रम इस वर्ष के आकर्षण का केंद्र रहा। इस बार छऊ नृत्य मंडलियों में महिला कलाकारों की भागीदारी ने दर्शकों को प्रभावित किया। गुआबेड़ा, पोटका, पडुआ और देवली के छऊ दलों के कलाकारों ने रात भर एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गांव में आयोजन
वहीं प्रखंड अंतर्गत गीतिलता गांव में सोमवार को मासंत एवं भाटु परब के अवसर पर मेले का आयोजन किया गया। इस धार्मिक उत्सव में महादेव के जयकारों के साथ मेले की शुरुआत रविवार को जागरण के साथ हुई। इस दौरान शिव मंदिर के समक्ष भक्तों ने पारंपरिक नृत्य और कलाबाज़ियों का प्रदर्शन किया। सोमवार को मुख्य पूजा के दिन गीतिलता शिव मंदिर में भोले बाबा की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
मुख्य आकर्षण
मेले का मुख्य आकर्षण आंगुन माडा (दहकते अंगारों पर चलना) और रजनी फुड़ा कार्यक्रम रहे। शिव भक्तों ने खोलते और दहकते अंगारों पर नंगे पैर चल कर दर्शकों को हैरत में डाल दिया। इसके साथ ही रजनी फुड़ा के तहत भक्तों ने हैरतअंगेज पराक्रम का प्रदर्शन किया। इस सफल आयोजन और पारंपरिक अनुष्ठानों के समापन के साथ ही क्षेत्र का यह ऐतिहासिक मासंत और भाटु परब संपन्न हो गया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


