
मैपिंग को लेकर बीएलओ और सुपरवाइजरों की हुई बैठक
खरसावां में कुचाई प्रखंड सभागार में बीएलओ और पर्यवेक्षकों की बैठक हुई। सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सुषमा सोरेन ने स्पष्ट तस्वीरें और सही प्रविष्टियों के लिए एक सप्ताह का समय दिया। उन्होंने कहा कि त्रुटि रहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया का आधार है। सभी बीएलओ को घर-घर संपर्क कर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
खरसावां, संवाददाता। कुचाई प्रखंड सभागार में मैपिंग को लेकर बीएलओ और सुपरवाइजरों की बैठक हुई। सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह सीओ सुषमा सोरेन ने कहा कि मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं की धुंधली, आयामहीन एवं अमानवीय (स्पष्ट पहचान न देने वाली) तस्वीरों को लेकर चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। इसलिए 57-खरसावां विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केन्द्र संख्या 01 से 63 तक के सभी बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षक को मतदाता सूची से मतदाताओं की धुंधली, आयामहीन तस्वीर एवं अस्पष्ट प्रविष्टियों को एक सप्ताह के अंदर सुधार करने का निर्देश दिया है। बैठक में सीओ ने बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में जिन मतदाताओं की तस्वीरें स्पष्ट नहीं हैं उनका तत्काल सत्यापन कर नई, स्पष्ट और मानक अनुरूप तस्वीरें अपलोड की जाएं।
मैपिंग कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटि रहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने को कहा गया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि एक सप्ताह के बाद सुधार कार्य की समीक्षा की जाएगी और प्रगति रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। प्रशासन ने बीएलओ से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की ताकि आगामी चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से संपन्न हो सके। इस दौरान सीओ, सुपरवाइजर धर्मेंद्र महतो, फनीलाल मुर्मू, महिंद्र लायक, रौशन लाल महतो, वशिष्ठ प्रधान सहित 63 बीएलओ उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




