
संबंधित पदाधिकारी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें :डीसी
जनता दरबार मे सरायकेला के वार्ड नं0 6 की जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र के जगह नया भवन बनाने की मांग उठी
सरायकेला,संवाददाता। बाल विकास, पेयजल, सड़क सुरक्षा एवं जन सुविधा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। संबंधित पदाधिकारी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उपर्युक्त बातें डीसी ने कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में शुक्रवार को कही। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने जन समस्याओं से संबंधित आवेदन डीसी को सौंपे। उन्होंने क्रमवार सुनवाई की। नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत सरायकेला वार्ड संख्या-06 (खड़रासाई) स्थित जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र के स्थान पर नए आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण पूर्ण होने तक तत्काल प्रभाव से किसी अन्य भवन में संचालन सुनिश्चित करने को कहा। जनता दरबार में प्रस्तुत प्रमुख प्रकरणों में मुड़कुम ग्राम-पंचायत अंतर्गत निर्माणाधीन जलमीनार योजना में अनियमितता, कार्य की धीमी प्रगति एवं छूटे हुए ग्रामों को योजना से जोड़ने, जलसहिया का विगत दो वर्षों से लंबित बकाया मानदेय भुगतान, गम्हरिया अंचल अंतर्गत इटागढ़ मौजा में आदित्यपुर आरआईटी से पैदल मोड़ तक हो रहे सड़क निर्माण कार्य में सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टिगत सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने, सड़क किनारे स्थित सरकारी भूमि का उपयोग करने, ग्रामीणों की भूमि के अधिग्रहण से परहेज करने से संबंधित मामले शामिल रहे।
डीसी ने संबंधित विभागीय, अंचल एवं नगर निकाय स्तर के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी प्रकरणों की नियमों के अनुरूप त्वरित जांच कर समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां शीघ्र निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




