Saraikela News: भीमखंदा में श्रावणी मेला संपन्न, कांवरियों ने किया जलाभिषेक
Saraikela News: शिव पूजा कमेटी भीमखंदा द्वारा आयोजित श्रावणी मेला का समापन हुआ। भक्तों ने जलाभिषेक किया और समिति ने श्रद्धालुओं के लिए नाश्ता व प्रसाद की व्यवस्था की। अध्यक्ष रुद्रप्रताप महतो ने भीमखंदा के धार्मिक महत्व का वर्णन किया, जहां पांडवों ने अज्ञातवास के दौरान पूजा की थी।

Saraikela News: राजनगर। शिव पूजा कमेटी भीमखंदा की ओर से आयोजित श्रावणी मेला का सोमवार को बंगला सावन पूर्णिमा के अंतिम सोमवार को समापन हो गया। इस अवसर पर ओडिशा, बंगाल, जमशेदपुर सहित विभिन्न गांवों और राज्यों से पहुंचे कांवरियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सुबह 6 बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ती रही। कांवरियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए शिव पूजा कमेटी की ओर से कतारबद्ध जलाभिषेक की व्यवस्था की गई थी। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के लिए नाश्ता, प्रसाद और शरबत की भी व्यवस्था की। समिति के अध्यक्ष रुद्रप्रताप महतो ने कहा कि बांगला श्रावण माह के प्रत्येक सोमवार को भीमखंदा में हजारों की संख्या में कांवरिया पहुंच कर जलाभिषेक करते हैं। उन्होंने भीमखंदा के धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि मान्यता के अनुसार द्वापरयुग में अज्ञातवास के दौरान पांचों पांडव यहां आए थे।
धार्मिक महत्व और पूजा
यहां भीम के बनाए चूल्हे, अर्जुन के पूजे गए शिवलिंग, पत्थरों पर लिखावट और अर्जुन के बाण से बने छेद के साथ अर्जुन पेड़ आज भी मौजूद हैं। नदी के बीच स्थित शिवलिंग की भी प्रतिदिन पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालुओं में मान्यता है कि यहां सच्चे मन से पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। बांगला सावन के अंतिम सोमवार पर जय महाकाल सेवा ग्रुप की ओर से विशेष सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में श्रद्धालुओं, कांवरियों के बीच चना, गुड़, शरबत और चाय का वितरण किया गया।
समिति का योगदान
श्रावणी मेला को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष रुद्रप्रताप महतो, सचिव गोपाल महतो, कोषाध्यक्ष तपन कुमार महतो, सदस्य अनिल कुमार महतो, मनोज कुमार महतो, सुभाष महतो, संजीत महतो, रूपेश महतो सहित समिति के अन्य सदस्यों एवं ग्रामीणों का योगदान रहा।


