
प्रखंड स्तरीय रबी कर्मशाला का हुआ आयोजन
कुचाई प्रखंड सभागार में झारखंड सरकार के कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा रबी कर्मशाला का आयोजन किया गया। इसमें कृषि पदाधिकारी, किसान मित्र और स्थानीय किसान शामिल हुए। जिला परिषद सदस्य झिग्गी हेम्ब्रम ने उद्घाटन किया और वैज्ञानिक खेती के महत्व पर जोर दिया। किसानों को अनुदान और योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
खरसावां,संवाददाता। कुचाई प्रखंड सभागार में कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग झारखंड सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रखंड स्तरीय रबी कर्मशाला का आयोजन किया गया। कर्मशाला में प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान मित्र एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे। रबी फसलों की उन्नत खेती, नवीन तकनीकों, सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रखंड स्तरीय रबी कर्मशाला का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य झिग्गी हेम्ब्रम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर हेम्ब्रम ने कहा कि किसान खेती वैज्ञानिक विधि से करें ताकि फसल दोगुना हो सके। खेती कर किसान आत्मनिर्भर हो सकते हैं।
इसके लिए उन्हें मेहनत के साथ फसल की देखभाल करना आवश्यक है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनुस हेम्ब्रम ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाते हुए कर्मशाला के दौरान गेहूं, चना, मसूर, सरसों सहित अन्य रबी फसलों की उन्नत किस्मों, बीज उपचार, उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था, रोग-कीट नियंत्रण पर विस्तार से चर्चा की। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की सलाह दी। वहीं उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए। कृषि पदाधिकारियों ने किसानों को रबी मौसम में उपलब्ध अनुदान, बीज वितरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और फसल बीमा योजना की जानकारी भी दी। किसानों की समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान पर चर्चा की गई। किसानों ने कर्मशाला को उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की। इस दौरान किसान मित्र, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




