Saraikela News: सरायकेला-राजनगर सड़क पर भारी वाहनों की नो-एंट्री
Saraikela News: अब चाईबासा होकर गुजरेंगे भारी वाहन जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए जिला प्रशासन का

Saraikela News: सरायकेला। सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति और लगातार लग रहे लंबे जाम से त्रस्त लोगों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रशासन ने शनिवार से इस मार्ग पर अगले आदेश तक सभी तरह के मालवाहक भारी वाहनों के आवागमन को पूरी तरह से प्रतिबंधित (वर्जित) कर दिया है। प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, अब इस मार्ग से गुजरने वाले सभी भारी वाहनों को सरायकेला से चाईबासा होते हुए राजनगर की ओर भेजा जाएगा। यह फैसला सड़क की तत्काल मरम्मत कार्य को शुरू करने के उद्देश्य से लिया गया है।गौरतलब हो कि सरायकेला-राजनगर सड़क कई जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
इन गड्ढों के कारण आए दिन गाड़ियां फंस रही थीं और दुर्घटनाएं हो रही थीं। बीते दिनों सारंगपोसी गांव के पास एक भारी वाहन के गड्ढे में फंसने के कारण लगभग 72 घंटे (तीन दिन) तक महाजाम की स्थिति बनी रही। इससे पहले भी कई बार स्थानीय पुलिस और क्रेन की मदद से फंसे वाहनों को निकालकर बमुश्किल यातायात बहाल किया गया था। इस बदहाल सड़क को लेकर स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा लगातार उग्र विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। जन-आक्रोश और जनहित को देखते हुए आखिरकार जिला प्रशासन ने सड़क मरम्मत का फैसला लिया और काम को सुचारू रूप से चलाने के लिए भारी वाहनों की एंट्री बंद कर दी है। भारी वाहनों की नो-एंट्री के बाद अब इस सड़क की मरम्मत का काम शुरू होने जा रहा है।


