Saraikela News: पंचायती राज व्यवस्था की दी जानकारी
Saraikela News: राजनगर के पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शनिवार को मॉडल युवा ग्रामसभा का आयोजन किया गया। कक्षा 9 और 11 की छात्राओं ने पंचायती राज पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें गाँव की समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पंचायती राज व्यवस्था और ग्रामीण विकास से अवगत कराना था।

Saraikela News: राजनगर, संवाददाता। राजनगर स्थित पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शनिवार को मॉडल युवा ग्रामसभा का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा नौवीं एवं 11वीं की छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पंचायती राज व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर आधारित नाटक का मंचन कर ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में छात्राओं ने मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, शिक्षा प्रतिनिधि, किसान प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविका, आशा दीदी एवं ग्रामीण जनता की भूमिका निभाई। संवाद और अभिनय के माध्यम से छात्राओं ने ग्रामसभा में गांव की समस्याओं को उठाने तथा उनके समाधान के लिए पंचायत स्तर पर होने वाली प्रक्रिया को प्रदर्शित किया।
इस दौरान पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन समेत गांव की अन्य मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को बताया गया कि ग्रामसभा ग्रामीण विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही युवाओं को पंचायती राज व्यवस्था से परिचित कराने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा गांव के विकास के प्रति जागरूक बनाने पर जोर दिया गया। मौके पर राजनगर पंचायत की मुखिया राजो टुडू, पंचायत समिति सदस्य रवि महतो, झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष भक्तू मार्डी, शिक्षा विभाग की बीपीओ मारथा टोपनो, शिक्षक दानसिंह दोंगो, फुदान चंद्र सोरेन, धानु टुडू, सुखलाल मुर्मू, विद्यालय की प्रभारी वार्डन संध्या महतो, खेल शिक्षिका रजनी टोपनो समेत विद्यालय की छात्राएं उपस्थित थीं।

