Saraikela News: जिले में अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलायें : एसपी
Saraikela News: सरायकेला में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शनिवार को अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले की विधि-व्यवस्था को सुधारने और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने एवं लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

Saraikela News: सरायकेला। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला पुलिस कप्तान मनोज स्वर्गियारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था को दुरुस्त करने और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। बैठक के दौरान एसपी ने जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के अनुसंधान, वारंट एवं कुर्की-जब्ती के मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी ने सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी अपराध का त्वरित उद्भेदन (खुलासा) किया जाए।
साथ ही, वर्षों से लंबित पड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।


