ना डॉक्टर, ना एम्बुलेंस : श्रीकांत की मौत ने खोली सीनी रेलवे अस्पताल की बदहाल व्यवस्था की पोल
सरायकेला के दपूरे सीनी वर्कशॉप में कार्यरत श्रीकांत कुमार की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रेलवे अस्पताल में डॉक्टर नहीं होने के कारण समय पर सीपीआर नहीं दिया जा सका। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल का घेराव किया और रेलवे अधिकारियों से स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की।

सरायकेला। दपूरे के सीनी वर्कशॉप में कार्यरत कर्मचारी श्रीकांत कुमार (35) की बुधवार की सुबह टहलने के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गयी। वहीं, परिजनों का आरोप है कि रेलवे अस्पताल में डॉक्टर नहीं होने के कारण उन्हें समय पर सीपीआर नहीं दिया जा सका और मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों व रेलकर्मियों ने डीआरएम के आने की मांग को लेकर सुवह नौ बजे शव के साथ अस्पताल घेराव कर दिया। दोपहर 3 बजे रेलवे के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से टेलीफोनिक बातचीत और प्राथमिकता के आधार पर एम्बुलेंस की व्यवस्था करने और 24 घंटे डॉक्टरों की सुविधा मिलने के आश्वासन पर घेराव समाप्त हुआ।
वर्कशॉप के अन्य कर्मचारियों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में जीवन बचाने के लिए आवश्यक सीपीआर देने वाला कोई विशेषज्ञ या मशीन उपलब्ध नहीं थे। इस कारण उन्हें समय पर सीपीआर (ऑक्सीजन) नहीं दिया जा सका। उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में एम्बुलेंस की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे मरीज को तुरंत किसी बड़े केंद्र में रेफर करना असंभव हो गया।इस घटना के बाद से वर्कशॉप के सभी कर्मचारियों में काम करने को लेकर हिचकिचाहट व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं ऐसी ही रहीं, तो किसी भी अन्य कर्मचारी के साथ ऐसी अनहोनी हो सकती है। मृत के साथी कर्मचारियों और यूनियन सदस्यों ने रेल मंत्रालय और दक्षिण पूर्व रेलवे के उच्च अधिकारियों से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनकी मांगों में सीनी रेलवे अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस एम्बुलेंस की व्यवस्था व वर्कशॉप में इमरजेंसी मेडिकल टीम और सीपीआर ट्रेनिंग की सुविधा देने की मांगें शामिल हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


