भीषण गर्मी और लू को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट: उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश
सरायकेला-खरसांवा जिला प्रशासन भीषण गर्मी और लू से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए एक्शन मोड में आ गया है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहेंगी।
सरायकेला । सरायकेला-खरसांवा जिला प्रशासन भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) के प्रकोप से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिले के नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंडों, बाजारों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों के लिए स्वच्छ और ठंडे पेयजल की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए मिट्टी के घडा हर जगह रखा गया है ।
पेयजल और स्वच्छता
उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को विशेष निर्देश देते हुए कहा है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जितने भी चापाकल खराब पड़े हैं, उन्हें युद्धस्तर पर तुरंत ठीक किया जाए। इसके साथ ही जिन इलाकों में पानी की किल्लत है, वहां टैंकरों के माध्यम से त्वरित जलापूर्ति करने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सदर अस्पताल और सभी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में लू से प्रभावित होने वाले मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां, ओआरएस घोल, बेड और चिकित्सकों की 24 घंटे उपलब्धता रहे, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके।
जिला प्रशासन की आमजन से अपील
बढ़ते तापमान और भीषण लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सावधानी बरतने की पुरजोर अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि अत्यधिक गर्मी से बचाव के लिए नागरिक घरों से बाहर निकलते समय आवश्यक सावधानियां जरूर बरतें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस या तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। दोपहर के समय बहुत जरूरी न होने पर सीधे धूप में निकलने से पूरी तरह बचें।यदि अचानक चक्कर आना, अत्यधिक सिरदर्द या उल्टी जैसी कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या महसूस हो, तो बिना लापरवाही किए तत्काल अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर डॉक्टरी सलाह लें।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


