Saraikela News: नदियों में आई बाढ़ को देखते हुए सभी सीओ को अलर्ट रहने का निर्देश
Saraikela News: सरायकेला के डीसी नीतीश कुमार सिंह ने सभी सीओ को भारी वर्षा की संभावनाओं के मद्देनजर तैयारियों के लिए निर्देशित किया। उन्हें संवेदनशील स्थलों की निगरानी, जन जागरूकता अभियान चलाने और चेतावनी बोर्ड लगाने का कार्य सौंपा गया। जल स्तर, बाढ़ और अन्य दुर्घटनाओं की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए स्थानीय नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की जाएगी।

Saraikela News: सरायकेला। जिले में संभावित वर्षा के मद्देनजर डीसी नीतीश कुमार सिंह ने सभी सीओ को संबंधित अंचल क्षेत्र में सतर्क एवं सक्रिय रहते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। भारी वर्षा के कारण नदियों, डैम, तालाबों एवं अन्य जलाशयों में जलस्तर बढ़ने, जल-जमाव, तेज जल प्रवाह, बाढ़ और अन्य दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए सभी सीओ को अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया। ऐसे स्थलों पर आवश्यकतानुसार चेतावनी एवं सावधानी संबंधी बोर्ड लगाने और स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजनों को सतर्क एवं जागरूक करने को कहा गया है।
भारी वर्षा के दौरान जलस्तर में वृद्धि, तटबंधों, पुल-पुलिया, जल-जमाव एवं आवागमन की स्थिति पर सतत निगरानी रखने और किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आवश्यकता के अनुसार अंचल स्तर पर कंट्रोल रूम की व्यवस्था करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित करने को भी कहा गया।


