Saraikela News: खरसावां-कुचाई में गूंजे मां मनसा के जयकारे, विधि-विधान से पूजा-अर्चना
Saraikela News: खरसावां-कुचाई में गूंजे मां मनसा के जयकारे, उपवास रख भक्तों ने की विधि-विधान से पूजा-अर्चना,

Saraikela News: सर्पों की देवी मां मनसा की पूजा-अर्चना शुक्रवार को खरसावां और कुचाई प्रखंड के विभिन्न गांवों में श्रद्धा और भक्ति के साथ की गई। सुबह से ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। जगह-जगह मां मनसा की भव्य प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की गई। श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर मां की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा विषैले जीवों के दंश से रक्षा की कामना की। पूजा के दौरान मां मनसा को फल-फूल, घटरा, पेड़ा सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की गई। कई पूजा स्थलों पर मां मंगल पाठ का आयोजन किया गया। रात में विशेष पूजा-अर्चना के बाद आधी रात को निसी पूजा की गई। परंपरा के अनुसार कुछ स्थानों पर रात्रि में बलि भी दी गई। पूजा को लेकर गांवों में दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
मनसा पूजा का महत्व
मनसा पूजा मुख्य रूप से तीन दिनों तक चलती है। पहले दिन श्रद्धालु नहाय-खाय की परंपरा निभाते हुए संयम का पालन करते हैं। दूसरे दिन उपवास रखकर रात में मां मनसा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। इसके बाद निर्धारित परंपराओं के अनुसार पूजा संपन्न की जाती है। मान्यता है कि मां मनसा की आराधना करने से विषैले जीव-जंतुओं के दंश से रक्षा होती है। स्थानीय परंपरा के अनुसार मनसा पूजा का आयोजन श्रावण, भादो और आश्विन माह की संक्रांति यानी मासात के अवसर पर किया जाता है। इसी परंपरा के तहत खरसावां-कुचाई क्षेत्र में भी विभिन्न गांवों में पूजा का आयोजन किया गया।
पूजा स्थलों का विवरण
खरसावां प्रखंड के देहरूडीह, मौलाडीह, कुम्हारसाई, आनंदडीह, उरांवसाही, खेजुरदा, रिडिंग, शिमला, मांगुडीह, बरजुडीह, पदमपुर, पुडिदा, गागुडीह, अरूवां, जिलिंगदा, रामपुर, आमदा, बुरूडीह और बड़ाबाम्बों समेत खरसावां-कुचाई के दर्जनों स्थानों पर मां मनसा की पूजा धूमधाम से की गई। पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां की आराधना कर आशीर्वाद मांगा।

