
डीसी ने की डीएमएफटी और जिला अनाबद्ध निधि योजनाओं की समीक्षा
डीसी नीतीश कुमार सिंह ने सरायकेला में डीएमएफटी और अनाबद्ध निधि की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 2023 से 2025 तक की योजनाओं को फरवरी तक पूरा करना है और पूर्ण योजनाओं को संबंधित विभाग को हस्तांतरित करना है। धीमी प्रगति वाली योजनाओं के लिए सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सरायकेला,संवाददाता। डीएमएफटी और अनाबद्ध निधि की 2023 से 2025 तक की योजनाओं को फरवरी तक पूरा कर लें। पूरी हुई योजनाएं संबंधित विभाग को हस्तांतरित कर दें। उपर्युक्त बातें डीसी नीतीश कुमार सिंह ने समीक्षा बैठक में कही। डीसी डीएमएफटी और अनाबद्ध निधि योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। डीसी ने अनाबद्ध निधि और डीएमएफटी मद से विभागवार स्वीकृत योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। कार्यस्थल की वास्तविक स्थिति, पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं की प्रगति धीमी या असंतोषजनक है, उनमें संबंधित संवेदकों और विभागीय अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
कार्य में अनावश्यक विलंब और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संवेदकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने कार्यकारी एजेंसियों की स्वीकृत योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो गया है, उन्हें संबंधित विभाग को तत्काल हस्तांतरित किया जाए। ऐसे सभी मामलों में लंबित भुगतान नियमानुसार यथाशीघ्र निष्पादित किए जाएं। संवेदकों को भुगतान उपलब्ध होने पर शेष योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित गति बनी रहे। जिन योजनाओं में कार्य-प्रगति धीमी या अपेक्षित स्तर से कम है वहां पर संबंधित संवेदक और विभागीय पदाधिकारियों के बीच आवश्यक समन्वय सुनिश्चित की जाए। सभी योजनाओं की समय-सीमा, गुणवत्ता मानक, भौतिक प्रगति और कार्यस्थल की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को नियमित उपलब्ध करायी जाए। मौके पर डीडीसी रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की सहित कई पदाधिकारी व कार्यकारी एजेंसी के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




