Saraikela News: लगातार हो रही बारिश से खरकई नदी का पानी छऊ पार्क की बाउंड्री में घुसा
Saraikela News: झारखंड और आस-पास के क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खरकई नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे छऊ पार्क के भीतर पानी प्रवेश कर गया है। स्थानीय निवासियों को सलाह दी गई है कि वे सतर्क रहें, क्योंकि अगर बारिश जारी रही, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Saraikela News: सरायकेला,संवाददाता। झारखंड और आसपास के निचले इलाकों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रही है। बारिश के कारण जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां क्षेत्र से गुजरने वाली खरकई नदी का जल स्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। गुरुवार शाम तक नदी का पानी छऊ पार्क की बाउंड्री वॉल के अंदर तक घुस गया। जल स्तर में लगातार हो रही इस बढ़ोतरी को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ पार्क के पास जमा हो गई। कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश से नदी का डिस्चार्ज बढ़ गया है। दिनभर बारिश से जल निकासी प्रभावित हुई है। पानी के तेज बहाव से निचले इलाकों और तटवर्ती संरचनाओं पर दबाव बढ़ गया है।
करोड़ों रुपये की लागत से बने इस आधुनिक छऊ पार्क की खूबसूरती अब खतरे में नजर आ रही है। पार्क के भीतर पानी प्रवेश करने से इसकी संरचना और सुंदरता को नुकसान पहुंचने की आशंका है। यदि रात भर इसी गति से बारिश होती रही तो छऊ पार्क पूरी तरह जलमग्न हो सकता है।नदी का जल स्तर बढ़ने की खबर आग की तरह फैल गई। लोग बढ़ते पानी के बहाव को निहारते नजर आए। हालांकि यह स्थिति लोगों के लिए कौतूहल का विषय बनी हुई है। लेकिन प्रशासन और स्थानीय निवासियों के लिए यह चिंता का सबब भी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगर बारिश नहीं रुकी, तो आने वाले घंटों में पानी का स्तर और खतरनाक रूप ले सकता है, जिससे निचले इलाकों में और अधिक समस्या उत्पन्न हो सकती है।


