जनता दरबार में जनहित और आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले सामने आए
सरायकेला में आयोजित जनता दरबार में ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत, विद्यालय चहारदीवारी, और पुलिया निर्माण की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा, करीब 20 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि आवंटन और युवाओं की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग शामिल थी।

सरायकेला। जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में शुक्रवार को जनहित और आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले सामने आए। इस दौरान राजनगर, गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन सौंपे। जनता दरबार में मुख्य रूप से राजनगर प्रखंड के ग्राम टिंटिडीह, छोटाखीरी, बाना और गेंगरुली को जोड़ने वाली जर्जर पीसीसी सड़क की मरम्मत का मामला छाया रहा। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली से आवागमन में परेशानी हो रही है। इसके अलावा, उच्च विद्यालय एदल में चहारदीवारी निर्माण और राजनगर स्थित खैरकोचा पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई गई।
एक संवेदनशील मामले में भारतीय सेना के दिवंगत जवान के आश्रित को आवंटित भूमि का बंदोबस्ती आदेश निर्गत करने का आवेदन प्राप्त हुआ। इसके साथ ही, स्थानीय युवाओं ने जिला चौकीदार बहाली प्रक्रिया में तेजी लाने और इसमें प्रगति की मांग की। शहरी और बाजार क्षेत्र की बात करें तो लाल बिल्डिंग चौक के समीप सर्विस रोड पर लगातार लग रहे जाम और अतिक्रमण की समस्या के समाधान की मांग की गई। वहीं, गम्हरिया-कांड्रा क्षेत्र में स्थित जर्जर बाजार भवन की तत्काल मरम्मत कराने का आग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त, आदित्यपुर फुटबॉल मैदान स्थित रेडक्रॉस के आवंटित भवन को लेकर भी एक आपत्ति पत्र सौंपा गया।गम्हरिया प्रखंड के जगन्नाथपुर-बलरामपुर के ग्रामीणों ने सार्वजनिक तालाब की सफाई कराने और जगन्नाथपुर एवं बलरामपुर को जोड़ने वाली नई पीसीसी सड़क के निर्माण की आवश्यकता जताई। जनता दरबार में उपस्थित सक्षम अधिकारियों ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर इन जनहित के मामलों की जांच कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


