साहिबगंज: यज्ञ मेले में गोली चलने से खिलौना दुकानदार घायल,रेफर
साहिबगंज के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में श्री श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ मेले में एक खिलौना दुकानदार शिव कुमार को गोली लग गई। गोली चलाने वाला बदमाश मौके से फरार हो गया। घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी जबड़े की हड्डी फ्रैक्चर हो गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
साहिबगंज। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के साक्षरता चौक पर लगे श्री श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ मेले में सोमवार की रात करीब एक बजे गोली चल गई। गोली एक खिलौना दुकानदार को लगी है। वारदात के बाद गोली चलाने वाला बदमाश मौके से फरार हो गया। इधर, घायल खिलौना दुकानदार को इलाज के लिए आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। घायल दुकानदार चानन (जिरवाबाड़ी) के महेश मंडल का पुत्र शिव कुमार(24) है। अस्पताल में मौजूद घायल युवक की बहन फूलो देवी ने बताया कि शिव रोज की तरह मेले में खिलौने की दुकान लगाया था। रात करीब एक बजे दुकान समेट कर पास के अन्य दुकानदारों के साथ मेला परिसर में बैठक कर भोजन कर रहा था।
इसबीच अचानक उसे गोली लग गई। गोली कहां से चली और किसने चलाया, उसे कुछ भी पता नहीं चला। घायल दुकानदार ने बताया कि उसका किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। गोली घायल के बाएं ठुड्डी यानी जबड़े के पास लगी और दूसरे तरफ से निकल गई। इधर,सदर अस्पताल के डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि गोली एक तरफ से गई और दूसरे तरफ से निकल गई है। इससे जबड़े की हड्डी फ्रैक्चर हो गया है। घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इसबीच जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह ने इस संवाददाता को बताया कि प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि शराब के नशे में धुत एक युवक मेला परिसर में भोकाल बना रहा था। इसी दौरान उसने अपने कमर से कट्टा निकाल कर गोली चला दी। गोली खिलौना दुकानदार को जा लगी। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस उसकी तलाश में सरगर्मी से छानबीन कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


