आंधी-बारिश से मंडरो क्षेत्र में बिजली ठप, 18 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं
मंडरो प्रखंड क्षेत्र में सोमवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। आंधी से बिजली व्यवस्था ठप हो गई है, जिससे लोग 18 घंटे से अधिक समय से परेशान हैं। मोबाइल चार्ज करने में दिक्कत हो रही है और ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है।

मंडरो। प्रखंड क्षेत्र में सोमवार देर रात आए तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। आंधी के कारण प्रखंड मुख्यालय सहित मिर्जाचौकी एवं आसपास के कई गांवों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। स्थिति यह है कि करीब 18 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है,जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बिजली ठप रहने से सबसे अधिक दिक्कत मोबाइल चार्ज करने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में हो रही है।ग्रामीणों का कहना है कि रात से ही अंधेरे में रहने को मजबूर हैं और बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट सूचना नहीं मिल पाई है।स्थानीय
लोगों ने जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है।वहीं आशंका जताई जा रही है कि आंधी के कारण बिजली के तार या पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। हालांकि,विभाग की ओर से मरम्मत कार्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति सामान्य होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


