
एंबुलेंसों में होगा ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम इंस्टॉल
साहिबगंज जिले में सभी एंबुलेंसों में ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (GPS) स्थापित किया जाएगा और चालकों का पहचान पत्र जारी किया जाएगा। डीसी हेमंत सती ने एंबुलेंस सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। इसके अलावा, युवा मंडल विकास अभियान जिले के सभी 9 प्रखंडों में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को जोड़ना है।
साहिबगंज। जिले में संचालित सभी एंबुलेंसों में ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम इंस्टॉल कराने तथा चालकों एवं सहायक कर्मियों का पहचान पत्र निर्गत किया जाएगा। यह जानकारी डीसी हेमंत सती ने मंगलवार को दिया है। दरअसल,आमजन को बेहतर व त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीसी हेमंत सती ने मंगलवार को समाहरणालय परिसर में जिले के विभिन्न मदों से संचालित एंबुलेंसों को बुलाकर विस्तृत भौतिक निरीक्षण किया । इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य एंबुलेंस सेवाओं की वर्तमान स्थिति का आकलन करना तथा उन्हें और अधिक प्रभावी, पारदर्शी व सुचारू बनाना था। निरीक्षण के दौरान ओपीडी एंबुलेंस, कार्डियो एंबुलेंस तथा पीएम जनमन योजना के तहत संचालित मोबाइल यूनिट एंबुलेंसों की गहनता से जांच की गई।
डीसी ने एंबुलेंसों की तकनीकी स्थिति, उपलब्ध चिकित्सीय उपकरण, साफ-सफाई एवं संचालन व्यवस्था की समीक्षा की। एंबुलेंसों के रूट चार्ट की जानकारी ली गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आवश्यकता के समय एंबुलेंस समय पर और सही स्थान पर पहुंच सकें। डीसी ने ऐसे एंबुलेंस जो किसी कारणवश बंद पड़े हैं, उन्हें अविलंब दुरुस्त कर पुन: संचालन में लाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने एंबुलेंस सेवाओं की निगरानी के लिए एंबुलेंस डैशबोर्ड एवं एंबुलेंस डायरी को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिये। इससे एंबुलेंस की ट्रैकिंग के साथ-साथ जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी। मौके पर डीडीसी सतीश चंद्रा, डीटीओ मिथलेश कुमार चौधरी सहित स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे। फोटो 32, एंबुलेंस का निरीक्षण करते डीसी। युवा मंडल विकास अभियान साहिबगंज। माय भारत साहिबगंज की ओर से युवा मंडल विकास अभियान कार्यक्रम जिले के सभी नौ प्रखंड में चलाए जा रहे हैं। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत संचालित मेरा युवा भारत (साहिबगंज) के जिला युवा अधिकारी मोंटू पातर के दिशा निर्देश पर साहिबगंज जिले के सभी 9 प्रखंड में युवा मंडल विकास अभियान चलाया जा रहा है । यह कार्यक्रम का नेतृत्व मेरा युवा भारत साहिबगंज के सदस्य चंदन एवं कौसर के नेतृत्व में किया जा रहा है। तीन दिन होगी निर्वाचन लेखा जोखा की जांच साहिबगंज। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 में अभ्यर्थियों के लेखा पंजी जांच को लेकर लेखा जांच कोषांग का गठन किया गया है। साहिबगंज नगर परिषद, राजमहल नगर पंचायत व बरहरवा नगर पंचायत में निर्वाचन लड़ रहे अभ्यर्थियों को निर्वाचन व्यय लेखा पंजी की जांच के लिए तिथि, समय व स्थान निर्धारित कर दिया गया है। जांच 10 , 14 व 19 फरवरी को पूर्वाह्न 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक वाणिज्य कर कार्यालय, पूर्वी फाटक के नजदीक होगी। सभी संबंधित अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर निर्वाचन व्यय से संबंधित समस्त अभिलेखों सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने व्यय लेखा पंजी की जांच कराना सुनिश्चित करें। माघी मेला में जागरुकता स्टॉल राजमहल। राजमहल में आयोजित माघी मेला में आये श्रद्धालुओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने की एक सराहनीय पहल की गई है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष अखिल कुमार के मार्गदर्शन में मेला परिसर में विशेष विधिक सहायता एवं जागरुकता स्टाल लगाया गया है। प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि कानूनी सहायता अब आपके द्वार की अवधारणा के तहत यह स्टॉल स्थापित किया गया है। गंगा स्नान के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं एवं स्थानीय आमजन को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। स्टॉल की प्रमुख गतिविधियों में मौके पर कानूनी परामर्श (लीगल एड) प्रदान किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




