वनांचल एक्सप्रेस से 58 लाख के मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार
साहिबगंज रेलवे सुरक्षा बल ने ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच से दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास 174 चोरी के मोबाइल फोन थे। इनकी पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख और मोहम्मद रहमत शेख के रूप में हुई। मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार मूल्य 58,95,878 रुपए है।

साहिबगंज। रेलवे सुरक्षा बल बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस के जेनरल कोच में दो व्यक्ति बड़ी संख्या में संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ के सिपाही अनिल कुमार साह तथा सीपीडीएस टीम के सिपाही विनय कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षी योगेन्द्र मांझी एवं सिपाही नितीश कुमार के साथ गुमानी स्टेशन से बरहरवा रेलवे स्टेशन तक विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच अभियान
जांच के दौरान जनरल कोच संख्या इआर-104464 में दो संदिग्ध व्यक्ति पिट्ठू बैग के साथ पाए गए। छापामारी दल को देखकर दोनों चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास करने लगे, जिन्हें तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28 वर्ष) एवं मोहम्मद रहमत शेख (23 वर्ष), दोनों निवासी कलियाचक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई।
मोबाइल फोन की बरामदगी
बरहरवा स्टेशन पर दोनों के बैगों की तलाशी लेने पर कुल 174 पुराने एवं प्रयुक्त एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें से 85 मोबाइल फोन मोहम्मद नासरुद्दीन शेख तथा 89 मोबाइल फोन मोहम्मद रहमत शेख के कब्जे से प्राप्त हुए। बरामद मोबाइल फोन का अनुमानित बाजार मूल्य 58,95,878 रुपए आंका गया है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी बरामद मोबाइल फोनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज, स्वामित्व प्रमाण अथवा संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके उपरांत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के तहत सभी मोबाइल फोनों को विधिवत जप्त कर जप्ती सूची तैयार की गई तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु दोनों आरोपियों एवं बरामद मोबाइल फोनों को रेल थाना बरहरवा के सुपुर्द कर दिया गया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


