
जिला समन्वय समिति की बैठक , राजकीय माघी मेला की तैयारी पर चर्चा
साहिबगंज में डीसी हेमंत सती की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की मासिक बैठक हुई। बैठक में माघी पूर्णिमा मेला की तैयारियों की समीक्षा की गई, लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, खनन, सड़क सुरक्षा और फॉरेस्ट क्लियरेंस से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
साहिबगंज। डीसी हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला समन्वय समिति की मासिक समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग मौजूद थे। बैठक में राजमहल गंगा तट पर आयोजित होने वाले सप्ताहव्यापी राजकीय माघी पूर्णिमा मेला की तैयारियों की समीक्षा की गई । मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय में लंबित वादों की समीक्षा की गई। डीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों में शीघ्र प्रतिशपथ पत्र दायर करने एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में कारा एवं न्यायालय सुरक्षा व्यवस्था तथा जिला सुरक्षा समिति से संबंधित बिंदुओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला टास्क फोर्स (खनन) की समीक्षा के दौरान डीसी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की जानकारी ली। सभी प्रखंडों के सीओ की ओर से प्रस्तुत खनन मापी प्रतिवेदनों पर जहां अवैध अथवा निर्धारित क्षेत्र से बाहर खनन पाया गया, वहां संबंधित मामलों में खनन पदाधिकारी को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिये। जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा में हिट एंड रन मामलों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त फॉरेस्ट क्लियरेंस से संबंधित मामलों तथा भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा के क्रम में निर्माणाधीन तालाब, चेक डैम व जीर्णोद्धार से जुड़े कार्यों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में डीडीसी सतीश चंद्रा, आईटीडीए परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अपर समाहर्ता गौतम भगत, सदर एसडीओ अमर जॉन आइन्द, राजमहल एसडीओ सदानंद महतो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार सहित सभी बीडीओ व सीओ मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




