स्कूलों में आज से लगेगा समर कैंप, रचनात्मक गतिविधियों से जोड़े जायेंगे बच्चे
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से सभी सरकारी विद्यालयों में तीन दिवसीय समर कैंप आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। समर कैंप की थीम 'सीखें, खेलें, सृजन करें' है और इसमें कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों की सहभागिता होगी।

साहिबगंज। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से सभी कोटि के सरकारी विद्यालयों में मंगलवार से तीन दिवसीय समर कैंप लगेगा। इस साल समर कैंप की थीम ‘सीखें, खेलें, सृजन करें’ है। इसमें कक्षा 1 से 12 वीं तक के विद्यार्थियों की सहभागिता होगी। आयोजन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप करेगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। परियोजना की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, राज्य में 22 मई से गर्मी की छुट्टियां शुरू हो रही हैं। इससे पहले विद्यार्थियों को खेल, कला, संस्कृति व रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से यह विशेष समर कैंप आयोजित होगा। कैंप के सफल संचालन की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रधान को दी गई है। सभी विद्यालयों को पूर्व तैयारी, प्रचार-प्रसार और प्रतिदिन गतिविधियों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है। गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों को पानी की बोतल साथ लाने और स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने का निर्देश दिया है। जिन विद्यालयों में खेल, कला, संगीत और बैंड से जुड़े संसाधन उपलब्ध हैं, वहां विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जा सकते हैं। यह समर कैंप विद्यार्थियों में खेल भावना, सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता व आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
कलाकृतियों के निर्माण की गतिविधियां
समर कैंप के पहले दिन 19 मई को खेल के साथ फिटनेस एवं सृजन के संग बचपन थीम के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। इस दिन योगाभ्यास, फिटनेस गतिविधियां, दौड़, रस्सीकूद और पारंपरिक खेल कराए जाएंगे। स्थानीय संस्कृति से जुड़े खिलौनों और कलाकृतियों के निर्माण की गतिविधियां भी कराई जाएंगी ताकि विद्यार्थियों में रचनात्मकता का विकास हो सके। दूसरे दिन 20 मई को खेल कौशल और पोस्टर मेकिंग गतिविधियों पर विशेष जोर रहेगा। विद्यार्थियों के बीच कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, वॉलीबॉल समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और खेल भावना जैसे विषयों पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।
विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित
समर कैंप के अंतिम दिन नृत्य कला व कला-संस्कृति विषय पर कार्यक्रम होंगे। इस दौरान लोकगीत, क्षेत्रीय नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां के अलावा कथा वाचन, पुस्तक पठन व चित्रकला जैसी गतिविधियों के जरिए बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। कैंप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षकों द्वारा प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाएगा।
जिला में समर कैंप लगाने को लेकर अभी तय नहीं किया गया है। लेकिन इसका आयोजन कराया जायेगा। इससे बच्चें रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा ले सकें।
कुमार हर्ष,डीएसई,साहिबगंज
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


