नए आइओ करेंगे अब गोदाम में 1275.29 क्विंटल चावल कम व 16.91 क्विंटल गेहूं अधिक होने के मामले की जांच
साहिबगंज के मंडरो स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम के गोदाम में 1275.29 क्विंटल चावल की कमी और 16.91 क्विंटल गेहूं की अधिकता के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। नए अनुसंधानकर्ता को नियुक्त किया गया...

साहिबगंज। मंडरो स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) के गोदाम में 1275.29 क्विंटल चावल कम व 16.91 क्विटंल गेहूं अधिक पाए जाने के मामले की जांच पुलिस ने तेज कर दी है। एसपी अमित कुमार सिंह ने इस मामले में मिर्जाचौकी थाना में दर्ज केस की जांच को गति देने के लिए कांड के अनुसंधानकर्ता को बदल दिया है। मिर्जाचौकी थाना के अवर निरीक्षक प्रवीण प्रभाकर अब इस केस के नए अनुसंधानकर्ता होंगे। इस मामले से जुड़े कुछ अभिलेख व रिकार्ड पंजी को जब्त कर उसकी जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कथित रूप से कुछ और लोगों की भूमिका भी हो सकती है।
इसके लिए कई बिंदुओं पर गहन जांच आवश्यक है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में मंडरो बीडीओ की शिकायत पर 15 जुलाई 2025 को मिर्जाचौकी थाना में केस दर्ज कराया गया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में पता लगाया जा रहा है कि मंडरो के एसएफसी गोदाम का भौतिक सत्यापन इससे पहले कब-कब किया गया है। एसपी ने अनुसंधानकर्ता को निर्देश दिया गया है कि संबंधित जांच प्रतिवेदन को साक्ष्य के रूप में प्राप्त कर उसका विवरण कांड दैनिकी में अंकित करें। अनाज गोदाम के भौतिक सत्यापन से संबंधित नियमावली का पता कर उसका भी विवरण कांड दैनिकी में अंकित करें। एसपी ने कांड के अनुसंधानकर्ता को कई बिंदुओं पर निर्देश जारी किया है। दो एजीएम के बयान में अंतर से गहराया मामला : मंडरो एसएफसी गोदाम के पूर्व व वर्तमान प्रभारी एजीएम के बयान में कथित रूप से विरोधाभाष पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंडरो एसएफसी गोदाम के तत्कालीन प्रभारी बबलू टुडू ने शो कॉज के जवाब में कहा है कि उनके द्वारा खाद्यान्न की प्राप्ति व वितरण संबंधित प्रतिवेदन प्रत्येक माह जिला आपूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराया जाता था। उसी प्रतिवेदन के आधार पर मासिक बैठक में समीक्षा की जाती थी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि प्रत्येक माह आगत ,निर्गत व भंडार पंजी का द्वितीय प्रति (कार्बन प्रति)मासिक बैठक में प्रस्तुत करने से संंबंधित जानकारी उनको नहीं थी। कार्यालय से भी उन्हें इस संबंध में कभी बताया नहीं गया है। उनके अतिरिक्त किसी दूसरे एजीएम को ऐसा करते देखा है। इधर, सहायक गोदाम प्रबंधक फ्रेडिक किस्कू ने शो कॉज के जवाब में कहा है कि प्रभार ग्रहण के समय पूर्व के गोदाम प्रबंधक बबलू टुडू ने भौतिक रूप से अनाज का मिलान नहीं करवाया। हालांकि बबलू टुडू ने अपने शो कॉज के जवाब में उनके द्वारा उल्लेखित बातों को सरासर गलत बताया है। पूर्व के गोदाम प्रबंधक बबलू टुडू का कहना है कि भौतिक रूप से मिलान कर ही खाद्यान्न भंडार का प्रभार उन्हें(फ्रेडिक किस्कू )दिया गया है। वर्जन मंडरो स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम गोदाम (एसएफसी) में 1275.29 क्विंटल चावल कम व 16.91 गेहूं अधिक पाए जाने के मामले की प्रारंभिक जांच में कई चौकाने वाला तथ्य सामने आये हैं। इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है। संबंधित कुछ रिकार्ड व अभिलेख को पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू की है। सभी तथ्यों व पक्षों की जांच के बाद ही इस मामले में आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अमित कुमार सिंह एसपी साहिबगंज
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




