स्कूल में वार्षिक खेलकूद उत्सव का हुआ आयोजन
साहिबगंज के कन्या पुरानी उच्च विद्यालय में वार्षिक खेलकूद उत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने खेलकूद के महत्व पर प्रकाश डाला। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
साहिबगंज, प्रतिनिधि। उत्क्रमित राजकीय उच्च विद्यालय नगर पालिका कन्या पुरानी साहिबगंज में वार्षिक खेलकूद उत्सव का भव्य आयोजन, सावित्री बाई फुले कला मंच का शनिवार को आयोजन हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर खेल मैदान में परिवर्तित हो गया और दर्शकों की तालियों से वातावरण गूंजता रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएससी हर्ष कुमार, विशिष्ट एसडीओ शिक्षा लक्ष्मण यादव, प्राचार्य सह भू वैज्ञानिक डॉ रणजीत कुमार सिंह, एपीओ संजय कुमार तिवारी के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
अतिथियों का स्वागत पेड़ एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भेंट कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सावित्री बाई फुले कला मंच का विधिवत उद्घाटन भी अतिथियों के करकमलों द्वारा किया गया। यह मंच छात्राओं की रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम बनेगा। उद्घाटन के दौरान उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से इस पहल का स्वागत किया। वार्षिक खेलकूद उत्सव के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। छात्राओं ने खेल भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सत प्रतिशत उपस्थिति, सर्वोच्च अंक, खेल कूद अन्य गतिविधियों में विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। इससे शारीरिक सुदृढ़ता के साथ-साथ मानसिक संतुलन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा “नशा को ना, खेल को हाँ कहें युवा। प्रत्येक विद्यार्थी को कम से कम एक खेल अवश्य खेलना चाहिए। खेल स्वस्थ शरीर, सशक्त व्यक्तित्व और सकारात्मक जीवन दृष्टि का आधार है।” वहीं लक्ष्मण कुमार यादव ने खेल को स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र बताते हुए नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने पर बल दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं की सराहनीय भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा वातावरण बना रहा और दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। एपीओ संजय तिवारी ने शिक्षा के महत्व पर लोकगीत गाने गाए वहीं बी एड के खुशीलाल पंडित ने सरचित कविता सुनाया |अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



