Sahibganj News: गंगा का जलस्तर स्थिर, 24 घंटे में तीन सेमी बढ़ा जलस्तर

हिन्दुस्तान, साहिबगंज
share

Sahibganj News: गंगा का जलस्तर स्थिर है और पिछले 24 घंटे में सिर्फ तीन सेंटीमीटर बढ़ा है। लेकिन कई इलाके जलमग्न हैं जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। एनडीआरएफ की टीम राहत कार्य में जुटी हुई है। हालात चिंताजनक हैं और प्रशासन जन स्वास्थ्य का ध्यान रख रहा है।

Sahibganj News: गंगा का जलस्तर स्थिर, 24 घंटे में तीन सेमी बढ़ा जलस्तर

Sahibganj News: साहिबगंज। गंगा का जलस्तर फिलहाल स्थिर है। बीते 24 घंटे में यहां गंगा का जलस्तर सिर्फ तीन सेमी बढ़ा है। शुक्रवार को गंगा का जलस्तर 28.72 मीटर पर स्थिर हो गया है। केन्द्रीय जल आयोग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को गंगा का जलस्तर तीन सेमी बढ़कर 28.75 मीटर पर पहुंच सकता है। वैसे गंगा के लहरों में फिलहाल कोई कमी नहीं आने वाली है। गंगा लगातार उफान पर है। जानकार बताते हैं कि यदि दो तीन दिन के अंदर गंगा का जलस्तर नहीं घटता है तो स्थिति चिंताजनक हो सकती है। दियारा से लेकर शहरी क्षेत्र के रिहाईसी इलाकों तक इस समय जलमग्न है। शहर के भरतिया कॉलोनी, शास्त्री नगर,पुरानी साहिबगंज नया टोला,हरिपुर, हबीबपुर, अलीनगर , पाइप रोड आदि विभिन्न इलाकों में बाढ़ पानी घुस जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सबसे बड़ी समस्या वहां रास्तों पर जमा जलकुंभी है। स्थानीय लोग जलकुंभी को हटाने में जुटे हंै। इधर, एनडीआरएफ की टीम तीसरे दिन भी राहत व बचाव कार्य में जोरशोर से जुटा रहा। एनडीआरएफ व जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों से सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है। लेकिन दियारा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लोग अब भी जमे हैं। वे राहत शिविर में नहीं जाना चाहते हैं। फोटो: 109,बाढ़ में मचान पर घर के पास बैठक ग्रामीण

गंगा का जलस्तर :

फोटो: 110,नाव से पानी से घिरे घर जाते ग्रामीण

फोटो: 111,राहत सामग्री लेने को उमड़ी भीड़

फोटो: 112,घर के फुस के छप्पर पर बैठा बुजूर्ग ग्रामीण

फोटो: 113,बाढ़ में डूबा फुस का घर

फोटो: 114,एनडीआरएफ टीम गंगा में गश्त करती

फोटो: 115,टीन के नाव पर आवागमन करते लोग

फोटो: 116, बाढ़ के पानी में आवागमन करते लोग

फोटो: 117, प्रभावितों में राहत बांटते पदाधिकारी

फोटो: 122,ठेला पर लाद कर बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री देते

फोटो: 123,भोजन पैक करते लोग

फोटो: 125, नाव पर बाइक लेकर जाते हुए

गंगा का जलस्तर :

10 सितम्बर को शाम 06:00 बजे 28.70 मीटर

11 सितम्बर को शाम 05:00 बजे 28.73 मीटर

12 सितम्बर की सुबह 06:00 बजे 28.75 मीटर (पूर्वानुमान)

दूषित होने लगा है बाढ़ का जलस्त्रोत

शहरी क्षेत्र में बाढ़ का पानी जमा रहने से सबसे अधिक परेशानी पेयजल को लेकर है। घरों के चापानल व कुआं का पानी दूषित हो चुका है। पानी से गंदा महक आ रहा है। लोग खरीदकर पानी पीने को विवश हैं। लेकिन यह हर परिवार के लिए संभव नहीं है। वहीं बीमारी फैलने का डर लोगों को सताने लगी है। वैसे लगातार स्वास्थ्य विभाग की टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों के सेहत का ख्याल रख रही है।

जैसे-तैसे कट रही दियारा क्षेत्र के लोगों की जिंदगी

साहिबगंज। लाल बथानी, मखमलपुर, हाजीपुर, किशन प्रसाद, बलुआ दियारा सहित अन्य इलाकों में सड़क पर कई जगह पर पानी बहने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। दियारा के लोगों को इन सड़कों पर पैदल तो दूर बाइक से जाना भी मुश्किल हो गया है। उधर, बलुआ दियारा के पास से लाल बथानी के लिए सीधे नाव खुलने की व्यवस्था निजी मालिकों ने किया है। दियारा के लोग किराया देकर सीधे लालबथानी पहुंच रहे हैं। जरूरत के सामान जैसे खाने-पीने की वस्तु और रसोई गैस सिलेंडर भी नाव के माध्यम से ही पहुंचाया जा रहा है。

नगर परिषद के अध्यक्ष व ईओ ने लिया जायजा

नगर परिषद के अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने शुक्रवार को बाढ़ क्षेत्र का सघन दौरा किया। उन्होंने जिला मुख्यालय के बाढ़ प्रभावित वार्ड नम्बर 1 से चार तक के विभिन्न मोहल्ले का जायजा लिया। उनके साथ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक सिंह मौजूद थे। ईओ ने बताया कि नगर परिषद की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री के अलावा लोगों को पेयजल भी उपलब्ध कराया जा रहा है। बाढ़ क्षेत्र में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव के अलावा मच्छर भगाने के लिए फॉगिंग कराया जा रहा है। इधर,

वार्ड नंबर 13 की पार्षद बुशरा तहरीम ने अपने वार्ड का भ्रमण कर लोगों से मुलाकात की। लोगों से उनकी समस्याओं को जाना।

जिला प्रशासन ने बांटी राहत सामग्री

साहिबगंज। जिला प्रशासन की ओर से लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण व राहत सामग्री पीड़ित लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। सदर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शुक्रवार को भी राहत सामग्री वितरण किया गया । प्रखंड क्षेत्र के गोपालपुर दियारा, मकई टोला, घीसु टोला, बांसकोला, मसकलैया दियारा आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटे जा रहे हंै। जिला प्रशासन के पदाधिकारी लोगों संपर्क कर किसी तरह का दिक्कत हो वे सीधे नंबर पर संपर्क कर सकते हंै। मौके पर बीडीओ सह सीओ बासुकीनाथ टुडू आदि कर्मी मौजूद थे।

संत जेवियर्स स्कूल ने बांटा राहत

सतं जेवियर्स स्कूल (अंग्रजी) की ओर से गंगा किराने बसे आसपास के मुहल्लों में शुक्रवार को बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामाग्री का वितरण किया। स्कूल के प्राचार्य ए. अरूल डोस की अगुवाई में नारायण कॉलोनी, बिजली घाट, पाइप रोड समेत आस पास के मुहल्लों में भोजन बनाकर प्रभावित परिवारों को वितरण किया। मौके पर फादर विनय बेसरा, अशोक तिवारी, आदित्य राज ठाकुर, डॉ. सुधीर कुमार, श्यामल पलमार व बेन जॉनसन मरांडी आदि थे।

उधवा के कई पंचायत बाढ़ की चपेट में, नाव की मांग

उधवा। प्रखंड के दियारा क्षेत्र के कई पंचायत बाढ़ की चपेट में आ गया है। इसमें मुख्य रूप से पूर्वी प्राणपुर, दक्षिण पलाशगाछी,श्रीधर दियारा , उत्तर पलाशगाछी, पश्चिमी प्राणपुर, पूर्वी उधवा दियारा,मध्य पियारपुर व दक्षिण पियारपुर पंचायत बाढ़ की चपेट में आ गया है। दावा किया जा रहा है कि करीब बीस हजार लोग बाढ़ प्रभावित है। जानकारी के अनुसार दक्षिण पलाशगाछी के बानुटोला,असराउल टोला,मजीद टोला,तैमुर टोला, साहेब टोला पूर्ण रूप से बाढ़ की चपेट में आ गया है। इन प्रभावित लोगों के घरों में चुल्हा भी नहीं जल रहा है। वहीं पूर्वी प्राणपुर के मुर्तूज टोला, हायत अली टोला, जीतनगर, मोईनुद्दीन टोला, हब्बी टोला, गणेश टोला,कतलामारी नाश भी बाढ़ की चपेट में है।श्रीधर पंचायत के साहेब टोला, क्लोनी नम्बर दस व डांगा पाड़ा भी बाढ़ की चपेट में आ गया है।श्रीधर पंचायत के मुखिया तमल मंडल ने बताया कि प्रभावित परिवारों को यातायात के लिए नाव की आवश्यकता है। लोगों की शिकायत है कि प्रशासन की ओर से अब तक इन प्रभावित परिवारों को राहत समाग्री वितरण नहीं किया है। दियारा क्षेत्रों के पूर्वी प्राणपुर, दक्षिण पलाशगाछी, पश्चिमी प्राणपुर में पशु के लिए चारा की कोई व्यवस्था नहीं है। अधिकांश घरों में पानी घुस गया है। इधर विधायक प्रतिनिधि मो.मारुफ उर्फ गुड्डू ने सीओ आशीष कुमार मंडल से अविलंब प्रभावित परिवारों के बीच राहत वितरण करने की बात कही है। सूत्रों के मुताबिक अब तक सिर्फ पूर्वी प्राणपुर व श्री़धर दियारा के एक-एक गांव में राहत सामग्री वितरण किया है।

गंगा जलस्तर लगातार बढ़ने से लोग परेशान

राजमहल, प्रतिनिधि। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के गदाई दियारा के रामबचन टोला, नाथु टोला, रामानंद टोला, रघुवीर टोला,आषाढी टोला, फागू टोला, बंशी टोला, फूलचंद टोला, सीता राम टोला, शिवलाल टोला, नारायण टोला आदि गांव लगभग 14 गांव के लगभग 1500 परिवार एवं पूर्वी नारायणपुर के 1,2,3 और 4 नंबर कॉलोनी सहित खोच पाड़ा, बैंगडुब्बी के करीब 500 परिवार इस समय बाढ़ की चपेट में है। बाकी अन्य जगहों पर मुख्य सड़क को छोड़कर चारों ओर रहने वाले घरों पर पानी घुस चुका है। लोग अपने घरों के समान एवं अन्य जरूर एवं कीमती सामानों को नाव के माध्यम से सुखे स्थान के तरफ लाकर सुरक्षित करने में जुटे हुए हैं। पूर्वी नारायणपुर पंचायत के लोगों ने बताया कि सरकार की तरफ से अब तक किसी प्रकार की कोई राहत सामग्री खाने पीने के लिए नहीं मिला है ।गदाई दियारा क्षेत्र में प्रशासन के द्वारा एक बार राहत सामग्री और एक बार पशु चारा का वितरण किया गया है । हालांकि कुछ जनप्रतिनिधियों के द्वारा लगातार उन क्षेत्रों में लोगों को राहत सामग्री दिया जा रहा। इधर, शहर के वार्ड नंबर 1,2,3 और 6 में गंगा का पानी घुस जाने से नमामि गंगे घाट के चारों तरफ पानी भर गया है। वार्ड नंबर 6 के मधुसूदन कॉलोनी बर्मन कॉलोनी में भी गंगा का पानी घुस जाने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसबीच बीडीओ सह सीओ मो युसूफ ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पीड़ित परिवारों को जल्द ही राहत सामग्री का वितरण किया जाएगा। गंगा के जलस्तर पर प्रशासन की पैनी नजर है।

सामान्य प्रश्न

✦गंगा का जलस्तर कितना है?−
गंगा का जलस्तर शुक्रवार को 28.72 मीटर पर स्थिर हो गया है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsझारखंड न्यूज़साहिबगंजSahibganj News: गंगा का जलस्तर स्थिर, 24 घंटे में तीन सेमी बढ़ा जलस्तर