Sahibganj News: पति की दीर्घायु के लिए सुहागिनों ने रखा हरितालिका तीज का व्रत
Sahibganj News: बोरियो में हरितालिका तीज पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की। महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ, जहां महिलाओं ने तीज व्रत की कथा सुनी और पति की लंबी आयु की कामना की।

Sahibganj News: बोरियो। पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर मनाया जाने वाला हरितालिका तीज पर्व सोमवार को बोरियो प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुहागिन महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखकर भगवान शिव एवं माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की।
पर्व की तैयारी
बोरियो महावीर टोला स्थित महावीर मंदिर में पंडित सुबोध पाण्डेय ने तीज व्रत का पूजा-अर्चना कराया तथा तीज का कथा वाचन किया। तीज पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने स्नान कर नए वस्त्र धारण किए और सोलह श्रृंगार कर पूजा की। इसके बाद भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
विशेष पूजा अनुष्ठान
महिलाओं ने तीज व्रत की कथा सुनी तथा पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-शांति की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती को फल, फूल, बेलपत्र, अक्षत, धूप-दीप सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से तीज की पूजा और कथा का आयोजन किया।
बाजार में चहल-पहल
पर्व को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल रही। पूजा सामग्री, फल, फूल, श्रृंगार प्रसाधन एवं वस्त्रों की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ देखी गई। पर्व का पारन सुहागिन महिलाएं मंगलवार को करेंगी।


