सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू हत्याकांड की सीबीआई जांच की अनुशंसा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अमर शहीद सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू हत्याकांड की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने के प्रस्ताव पर शनिवार को अपनी सहमति दे दी है। रामेश्वर मुर्मू का...
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अमर शहीद सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू हत्याकांड की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने के प्रस्ताव पर शनिवार को अपनी सहमति दे दी है। रामेश्वर मुर्मू का शव संदिग्ध अवस्था में 12 जून 2020 को भोगनाडीह गांव स्थित घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत से बरामद किया गया था।
वे हूल क्रांति के महानायक सिदो कान्हू, चांद-भैरव के छठे पीढ़ी के वंशज थे। इस मामले में पहले बरहेट थाना में यूडी केस दर्ज किया था। बाद में वंशज परिवार की शिकायत पर बरहेट थाना में 17 जून 2020 को कांड संख्या 97/2020 एवं भादवि की धारा 302 के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दरअसल, रामेश्वर मुर्मू हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने लिए विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक संगठनों की ओर से लगातार मांग की जा रही थी। भाजपा का एक शिष्टमंडल इस सिलसिले में 29 जून को रांची में राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। जानकारी के मुताबिक पुलिस महानिदेशक के द्वारा इस घटना की सीबीआई जांच के लिए अनुमोदन प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा गया था। समझा जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने सीबीआइ जांच की अनुशंसा कर अब इस मामले को केंद्र के पाले में डाल दिया है।
इसबीच एसपी अनुरंजन किसपोट्टा ने बताया कि रमेश्वर मुर्मू हत्याकांड की सीबीआइ जांच के अनुमोदन के बारे में उन्हें अबतक कोई जानकारी नहीं है। सरकार के स्तर से अगर ऐसा कोई निर्णय लेने पर उसकी विधिवत सूचना उन्हें भी दी जाएगी।
आरोपी ने कर दिया था आत्मसमर्पण
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रमेशर मुर्मू हत्या के मामले में आरोपी सद्दाम अंसारी ने बीते 23 जून को साहिबगंज न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस ने उसे 26 जून को दो दिनों के लिए रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। हालांकि इस मामले में सद्दाम से भी पुलिस को अधिक जानकारी नहीं मिल सकी है।