देश सेवा का जज्बा जगाया, एयरफोर्स अधिकारियों ने दी करियर बनाने को टिप्स
बिहार के बिहटा एयरफोर्स ट्रेनिंग सेंटर के अधिकारियों ने जे के हाई स्कूल में छात्रों को भारतीय वायुसेना में करियर बनाने की जानकारी दी। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया, शैक्षणिक योग्यताओं और एयरफोर्स में उपलब्ध विभिन्न पदों के बारे में बताया। छात्रों को अपनी पढ़ाई और शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह दी गई।
राजमहल, प्रतिनिधि। जे के हाई स्कूल के रानी जमाहेर कुमारी देवी स्मार्ट सभागार में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बिहार के बिहटा एयरफोर्स ट्रेनिंग सेंटर से पहुंचे अधिकारियों ने छात्रों को भारतीय वायुसेना में करियर बनाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में विंग कमांडर अरविंद सिंह रावत, सार्जेंट पी.के. द्विवेदी एवं सार्जेंट जी.एस. नेगी ने भर्ती प्रक्रिया, प्रशिक्षण व्यवस्था और आवश्यक शैक्षणिक योग्यताओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय वायुसेना में शामिल होना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का सम्मानजनक अवसर है। इसके लिए अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा, मेडिकल जांच और इंटरव्यू जैसे विभिन्न चरणों से गुजरना होता है।
उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अभी से अपनी पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और अनुशासन पर विशेष ध्यान दें।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने एयरफोर्स में उपलब्ध विभिन्न पदों और उनके लिए निर्धारित योग्यताओं की जानकारी भी दी। साथ ही 10वीं और 12वीं के बाद उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी भी दी गई, जिससे छात्र-छात्राएं अपने करियर की दिशा तय कर सकें। उन्होंने बताया कि 10वीं के बाद एयरमैन ग्रुप ‘Y’ (नॉन-टेक्निकल) जैसे विकल्प उपलब्ध होते हैं, जबकि 12वीं के बाद विज्ञान संकाय के छात्र तकनीकी शाखाओं में आवेदन कर सकते हैं।इसके अलावा एनडीए जैसी परीक्षाओं के माध्यम से अधिकारी पद पर भी चयन का अवसर मिलता है। करीब 200 की संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं ने पूरे ध्यान और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। कई छात्रों ने अपने करियर से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और स्पष्ट जवाब दिया। एयरफोर्स से जुड़ी प्रश्नों के साथ छात्रों के बीच क्विज प्रतियोगिता किया गया और प्राइज भी दिया गया,इससे विद्यार्थियों में एयरफोर्स के प्रति रुचि और देश सेवा के प्रति नई ऊर्जा को जगाया। मौके पर प्रिंसिपल इंचार्ज डॉ. अभिजीत कुमार ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों के लिए बेहद प्रेरणादायक होते हैं। इससे उन्हें अपने भविष्य के प्रति स्पष्ट दिशा मिलती है। उन्होंने एयरफोर्स के अधिकारियों का विद्यालय पहुंचकर छात्रों का मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया।मौक पर शिक्षक सुरेश कुमार (पीजीटी), राजीव कुमार शर्मा, मोहम्मद वाहिद, कबीर अली, सकलदीप पासवान, मुकेश दास, इम्तियाज अहमद सहित अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


