परेशानी: मनिहारी-साहिबगंज के बीच गंगा में नाव सेवा भी बंद
कटिहार जिला प्रशासन ने गंगा नदी में नाव परिचालन पर रोक लगा दी है। इससे गंगा पार कर बिहार के कटिहार, पूर्णिया, और सहरसा जाना मुश्किल हो गया है। 14 घाटों के लिए आवश्यक कागजात दुरुस्त करने के बाद ही नाव का परिचालन शुरू होगा। यात्रियों को अब भागलपुर होकर यात्रा करनी पड़ेगी।

साहिबगंज। कटिहार जिला प्रशासन ने बीते गुरुवार से गंगा नदी में नाव परिचालन पर भी तत्काल रोक लगा दी है। इससे पहले डाक नहीं होने से एक अप्रैल से साहिबगंज- मनिहारी के बीच गंगा में फेरी सेवा बंद हो गई है। इससे लोगों के लिए गंगा पार कर बिहार के कटिहार,पूर्णिया,सहरसा जाना अब मुश्किल हो गया है। सूत्रों का कहना है कि वहां के 14 (नाव) घाटों के लिए बंदोबस्तधारी को परवाना सहित अन्य जरूरी कागजात दुरुस्त कराने के बाद ही नाव का परिचालन दोबारा शुरू होगा। चौदह घाट समूह के तहत यात्री नाव का परिचालन अचानक गुरुवार को बंद हो जाने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।
स्थानीय विभिन्न गंगा घाटों पर यात्री नाव से उस पार जाने को लेकर चक्कर काटते रहे। इसके बाद उन्हें जैसे ही मालूम हुआ नाव परिचालन बंद है मायूसी छा गई। इससे पहले नये वित्तीय वर्ष में मनिहारी-साहिबगंज अंतरराज्यीय फेरी सेवा परिचालन के लिए कटिहार जिला प्रशासन के निर्धारित डाक की तिथि पर किसी डाक वक्ता ने भाग नहीं लिया। इसके चलते फेरी सेवा का परिचालन बीते एक अप्रैल से बंद है। इसबीच नाव सेवा पुन: शुरू नहीं होने तक लोगों को भागलपुर होकर सड़क मार्ग से मनिहारी-कटिहार जाना पड़ेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


