
जनजाति गौरव दिवस के रूप में भाजपा मनाएगी बिरसा मुंडा की जयंती : अनंत
भाजपा 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाएगी। यह जानकारी पूर्व विधायक अनंत ओझा ने दी। इस अवसर पर महापुरुषों के स्मारक स्थलों की सफाई और दीपोत्सव मनाया जाएगा। एबीवीपी भी 17 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस मनाएगा।
साहिबगंज। भाजपा भगवान बिरसा मुंडा की 150 जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में 15 नवम्बर को मनाएगी। यह जानकारी गुरुवार को राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा ने स्थानीय स्वामी विवेकानंद चौक स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों को दी है। मौके पर भाजपा के प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी बतौर अतिथि मौजूद थे। उन्होंने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस के 25 साल पूर्ण हो रहे हैं। इसे देखते जनजाति गौरव दिवस भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। इसके तहत महापुरुषों के स्मारक स्थलों की साफ सफाई करते हुए माल्यार्पण कर दीपोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड की मांग जयपाल सिंह मुंडा ने शुरू की थी।
उसे समय-समय पर विभिन्नों नेताओं ने आवाज दी। लेकिन इसे पूरा किया केन्द्र की अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने । इसके लिए 15 नवम्बर 2000 का दिन दिन तय किया । इस दिन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है। अटल सरकार में संताली भाषा को आठवीं सूची में शामिल किया गया। जनजाति कार्य मंत्रालय का गठन हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में झारखंड के क्रांतिकारियों को पूरा देश जानने लगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं भी भगवान बिरसा मुंडा और संताल हूल के महानायक सिदो, कान्हू, चांद, भैरव, फूलों, झानो की धरती पहुंचकर मिट्टी को नमन किया। संथाल आदिवासी समाज को विकसित करने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है। देश के सर्वोच्च पद पर आदिवासी बेटी बैठी हंै। आदिवासियों के विकास के लिए कई योजनाएं केंद्र सरकार की चल रही है, शिक्षा के लिए 715 एकलव्य विद्यालय खोलकर बेहतर शिक्षा दी जा रही है। भाजपा प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने कहा कि 15 नवंबर तक भाजपा की ओर से अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। संताल आदिवासियों को पहचान दिलाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है। मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश तिवारी, रामानंद साह, गौतम यादव, संजय पटेल, अनुराग राहुल आदि थे। फोटो: 11 , पत्रकारों से बातचीत करते राजमहल के पूर्व विधायक व अन्य भाजपा नेतागण। एबीवीपी 17 को मनायेगा जनजाति गौरव दिवस, तैयारी साहिबगंज। एबीवीपी की साहिबगंज नगर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को हुई। अध्यक्षता नगर मंत्री अविनाश साह ने की। बैठक में प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक इन्द्रोजीत साह मुख्य रूप से मौजूद थे। बैठक में17 नवम्बर को मनाए जाने वाले ‘जनजाति गौरव दिवस’ की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इन्द्रोजीत साह ने कहा कि जनजाति गौरव दिवस हमारे देश के जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान और गौरवमयी इतिहास को याद करने का अवसर है। यह दिवस भारतीय संस्कृति की विविधता और समरसता का प्रतीक है। साहिबगंज जैसे जनजातीय क्षेत्र में इस दिन का भव्य कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए नगर मंत्री अविनाश साह ने कहा कि एबीवीपी की नगर इकाई इस दिवस को केवल एक कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन के रूप में मनाएगा। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चंदन गुप्ता, जिला कार्यालय मंत्री अंकुश कुमार, नगर सह मंत्री निधि सिंह, ज्योत्सना कुमारी, बादल, सुमित, नीरज, समीर, कुंदन, प्रिया, प्रीति, अदिति आदि मौजूद थे। राजमहल में स्वच्छता अभियान का सफल आयोजन राजमहल। झारखंड राज्य की रजत जयंती समारोह श्रृंखला के तहत गुरुवार को राजमहल में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान स्थानीय सूर्य देव मंदिर से सिंधी दलान तक संचालित हुआ। नेतृत्व राजमहल एसडीओ सदानंद महतो, एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, बीडीओ मोहम्मद यूसुफ व नगर पंचायत राजमहल के कार्यपालक पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से किया। अभियान में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्काउट्स, जल सहिया, सखी मंडल की दीदियां, नगर पंचायत के कर्मचारीगण तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में झाड़ू लेकर पूरे मार्ग में सफाई अभियान चलाकर आमजनों को स्वच्छता के प्रति जागरुक किया। कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। फोटो 12, राजमहल सूर्यदेव घाट पर स्वच्छता अभियान चलाते एसडीओ व अन्य पदाधिकारी व कर्मी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




