ruckus in Ranchi Hazaribagh after death of SDO wife people demand arrest SDO की पत्नी की मौत के बाद रांची-हजारीबाग में बवाल, सड़क पर उतरे लोग, Jharkhand Hindi News - Hindustan
Hindi Newsझारखंड न्यूज़ruckus in Ranchi Hazaribagh after death of SDO wife people demand arrest

SDO की पत्नी की मौत के बाद रांची-हजारीबाग में बवाल, सड़क पर उतरे लोग

  • हजारीबाग के लोहसिंघना थाने के समीप भी स्थानीय लोगों ने एसडीओ की गिरफ्तारी की मांग करते हुए बवाल किया। हजारीबाग के अपर समाहर्ता संतोष सिंह ने बताया कि प्रशासन के आश्वासन के बाद अनीता के परिजन माने और रात 10.15 बजे शव को लेकर सिमरिया स्थित बेलगड्डा चले गए।

Devesh Mishra लाइव हिन्दुस्तानSun, 29 Dec 2024 06:51 AM
share Share
Follow Us on
SDO की पत्नी की मौत के बाद रांची-हजारीबाग में बवाल, सड़क पर उतरे लोग

झारखंड के हजारीबाग सदर के एसडीओ अशोक कुमार की पत्नी 37 वर्षीया अनीता कुमारी की मौत शनिवार को भोर 2.50 बजे इलाज के क्रम में रांची के देवकमल अस्पताल में हो गई। वह 26 दिसंबर को हजारीबाग में सदर एसडीओ के आवास में आग लगने से संदिग्ध परिस्थिति में जली थी। अस्पताल प्रबंधन द्वारा आग से झुलसी अनीता कुमारी की मृत्यु की जानकारी मिलते ही सुबह आठ बजे करीब 20 की संख्या में पहुंचे परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सभी अनीता को जलाकर मार डालने का आरोप लगाते हुए एसडीओ की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। हल्ला-हंगामा करने वालों में अनीता कुमारी के भाई, परिजन और रिश्तेदार शामिल थे।

उधर, हजारीबाग के लोहसिंघना थाने के समीप भी स्थानीय लोगों ने एसडीओ की गिरफ्तारी की मांग करते हुए बवाल किया। हजारीबाग के अपर समाहर्ता संतोष सिंह ने बताया कि प्रशासन के आश्वासन के बाद अनीता के परिजन माने और रात 10.15 बजे शव को लेकर सिमरिया स्थित बेलगड्डा चले गए। इधर, हजारीबाग एसपी अरविंद सिंह ने बताया कि मामले की जांच को एसआईटी गठित की गई है।

इससे पूर्व अनीता की मौत से आक्रोशित परिजन रांची के देवकमल अस्पताल में दिन के 11.30 बजे तक जमे रहे। जानकारी मिलने पर रांची की पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। कागजी औपचारिकता पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। पोस्टमार्टम के बाद अंत्येष्टि के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर,अस्पताल से दिन के 12.30 बजे एसडीओ अशोक कुमार को भी छुट्टी दे दी गई। इसके बाद वे परिवार के साथ अस्पताल से बाहर निकले।

मृतका के भाई का फर्द बयान दर्ज

पंडरा ओपी पुलिस को दिए फर्द बयान में मृतका अनीता के भाई राजकुमार गुप्ता ने हजारीबाग एसडीओ अशोक कुमार पर बहन को जलाकर मार डालने का आरोप लगाया। पुलिस उक्त बयान हजारीबाग जिला पुलिस मुख्यालय को भेजेगी। बता दें कि मामले में हजारीबाग के लोहसिंघना थाने में शुक्रवार को केस दर्ज हुआ था। इस आधार पर पुलिस ने हाउस गार्ड और घर में काम करने वालों से पूछताछ की। घटनास्थल के समय उपस्थित लोगों के मोबाइल लोकेशन जांच गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने एसडीओ के पिता दुर्योधन साव, छोटा भाई शिवनंदन साव, उनकी पत्नी रिंकू देवी का बयान भी लिया। दुर्योधन साव ने बताया कि अनीता ने खुद तेल छिड़का और बोरसी से आग लगा ली। उन्होंने कहा कि एसडीओ जैसे पद पर रहने के कारण उनके बेटे को फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।