धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर सड़क धंसने से हड़कंप, NH-18 पर अचानक दो फीट धंसी रोड, बोकारो-रांची मार्ग पर आवागमन ठप
प्रशासन और बीसीसीएल की टीम फिलहाल स्थिति पर नजर रखे हुए है। बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक सुरक्षा को देखते हुए सड़क बंद है।

झारखंड के धनबाद जिले के व्यस्ततम धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह थाना क्षेत्र के समीप बुधवार को NH18 सड़क अचानक धंस जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क करीब दो फीट तक धंस गई, वहीं कई स्थानों पर लंबी-लंबी दरारें भी उभर आईं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और स्थिति को लेकर चिंता जताई।
यह मार्ग धनबाद को बोकारो और रांची से जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है, जिस पर से रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में अचानक सड़क धंसने की घटना ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सूचना मिलते ही केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी। घटना के बाद पुलिस द्वारा लगातार लोगों को सतर्क किया जा रहा है और बोकारो की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया है।
BCCL प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा राउत ने घटना को गंभीर बताते हुए BCCL प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पूर्व में भी गैस रिसाव जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें कई लोगों की जान गई और कई बीमार हुए, लेकिन प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने आशंका जताई कि भूमिगत खनन गतिविधियों के कारण ही सड़क धंसने की यह घटना हुई है।
सुरक्षा के लिए सभी जरूर कदम उठाए जा रहे
वहीं केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर तैनात है और सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। संबंधित विभागों एवं बीसीसीएल अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र संख्या 7 के महाप्रबंधक सहित DGMS के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और सड़क धंसने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल इस घटना से किसी प्रकार के हताहत नहीं हुई है।
पिछले हफ्ते तीन दुकानों में आई थी दरार
स्थानीय निवासी दिनानाथ ठाकुर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, '6 अप्रैल को इसी क्षेत्र में पुराने महाप्रबंधक आवास परिसर की दीवार से सटी तीन दुकानों में दरारें पड़ चुकी थीं। प्रशासन और बीसीसीएल ने मिट्टी भराई कर स्थिति को काबू में करने की कोशिश की थी, लेकिन समस्या जड़ से नहीं सुलझी।'
आगे उन्होंने कहा, यह क्षेत्र पुरानी कोयला खदानों के कारण काफी संवेदनशील है। यहां 1945 से 1992 तक खनन कार्य चला था। 4 दिसंबर 2025 को इसी इलाके में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस रिसाव से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। DGMS ने पहले ही चेतावनी दी थी कि पुरानी माइनिंग के कारण जमीन कमजोर हो गई है और लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट हो जाना चाहिए।
34 साल पहले तक इलाके में हुई थी माइनिंग
बीसीसीएल क्षेत्र संख्या-7 के महाप्रबंधक जीसी शाहा ने कहा, 'यहां 1945 से 1992 तक माइनिंग हुई थी। कुछ दिन पहले ग्रामीणों के साथ बैठक हुई थी जिसमें उन्हें जरेडा के तहत बने नए आवासों में शिफ्ट होने की सलाह दी गई थी, ताकि सुरक्षा उपायों को तेजी से पूरा किया जा सके।'
स्थानीय लोग बीसीसीएल और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गैस रिसाव और जमीन धंसने की शिकायतें पिछले कई महीनों से की जा रही थीं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उधर प्रशासन और बीसीसीएल की टीम फिलहाल स्थिति पर नजर रखे हुए है। बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक सुरक्षा को देखते हुए सड़क बंद है।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


