तय समय और प्रारूप में प्रमाणपत्र देने पर ही मिलेगा आरक्षण, क्यों बोला झारखंड हाईकोर्ट

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

झारखंड हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि आरक्षण का लाभ केवल उसी अभ्यर्थी को मिल सकता है जिसने निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की हों। 

तय समय और प्रारूप में प्रमाणपत्र देने पर ही मिलेगा आरक्षण, क्यों बोला झारखंड हाईकोर्ट

झारखंड हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि आरक्षण का लाभ केवल उसी अभ्यर्थी को मिल सकता है जिसने निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की हों। यदि अभ्यर्थी विज्ञापन में निर्धारित कट-ऑफ तिथि तक निर्धारित प्रारूप में जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो उन्हें आरक्षित श्रेणी का लाभ नहीं दिया जा सकता। चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की अदालत ने गुरुवार को जेपीएससी और जेएसएएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में जाति प्रमाण पत्र के आधार पर आरक्षण लाभ से जुड़े महत्वपूर्ण मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए 22 अभ्यर्थियों की अपील याचिकाएं खारिज कर दी। अदालत ने माना कि चयन आयोगों द्वारा ऐसे अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में मानना पूरी तरह वैध और नियमसम्मत है।

इन परीक्षाओं में डॉक्टर, पुलिस अवर निरीक्षक, रेडियो ऑपरेटर, शिक्षक समेत कई पदों की नियुक्तियां शामिल थीं। सभी मामलों में अभ्यर्थियों ने दावा किया था कि वे आरक्षित वर्ग से संबंधित हैं, लेकिन ऑनलाइन आवेदन के समय उन्होंने निर्धारित प्रारूप वाला जाति प्रमाण पत्र जमा नहीं किया था। बाद में दस्तावेज सत्यापन या शो-कॉज के दौरान प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया।

विज्ञापन की शर्तें सभी अभ्यर्थियों पर समान रूप से लागू

अदालत ने अपने फैसले में कहा कि विज्ञापन की शर्तें सभी अभ्यर्थियों पर समान रूप से लागू होती हैं और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उनका कड़ाई से पालन आवश्यक है। कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि कट-ऑफ तिथि के बाद प्रमाण पत्र स्वीकार किए जाएं, तो इससे उन अभ्यर्थियों के साथ अन्याय होगा जिन्होंने नियमों का पालन करते हुए आवेदन ही नहीं किया। अपीलकर्ताओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट के राम कुमार गिजरोया मामले का हवाला दिया गया। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि वह फैसला विशेष परिस्थितियों में दिया गया था और उसे हर मामले में लागू नहीं किया जा सकता।

कट-ऑफ तिथि के अनुसार पात्रता करनी होगी साबित

अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के बाद के फैसलों दिव्या बनाम भारत संघ, कर्ण सिंह यादव तथा साक्षी अरोड़ा मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां विज्ञापन में स्पष्ट कट-ऑफ तिथि निर्धारित हो, वहां अभ्यर्थियों को उसी के अनुसार पात्रता साबित करनी होगी। कोर्ट ने यह भी माना कि जेपीएससी और जेएसससी द्वारा जारी विज्ञापनों की शर्तें संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप हैं। विज्ञापनों में साफ उल्लेख था कि झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप में जाति प्रमाण पत्र का विवरण ऑनलाइन आवेदन में देना अनिवार्य होगा, अन्यथा अभ्यर्थी सामान्य वर्ग में माने जाएंगे।

क्या है मामला

डॉ नूतन इंदवार सहित 22 अन्य की ओर से हाईकोर्ट में अपील दाखिल की गई थी। अदालत को बताया गया कि कुछ प्रार्थियों ने जेपीएससी और कुछ ने जेएसएससी की ओर से जारी विज्ञापन में आवेदन दिया था। लेकिन आयोग ने इनकी जाति प्रमाण पत्र को नहीं मानते हुए इन्हें सामान्य श्रेणी में शामिल कर लिया। इसलिए इनका चयन नहीं हो पाया। इन्होंने अपनी श्रेणी में निर्धारित कट आफ मार्क्स से ज्यादा अंक प्राप्त किया है। इसलिए उन्हें आरक्षण का लाभ देते हुए उनका चयन किया जाना चाहिए। इस पर जेपीएससी की ओर से अदालत को बताया गया कि प्रार्थियों का विज्ञापन की शर्तों के अनुरूप जाति प्रमाण पत्र नहीं था। विज्ञापन जारी होने के बाद शर्तों में बदलाव नहीं किया जा सकता है। इसलिए इन्हें सामान्य श्रेणी में रखा गया था।

Mohammad Azam

लेखक के बारे में

Mohammad Azam

संक्षिप्त विवरण

मोहम्मद आजम पिछले 3.5 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में बतौर कंटेंट प्रोडूसर काम कर रहे हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: मोहम्मद आजम पिछले तीन सालों से ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहे हैं। कम समय में आजम ने पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया की बारीकियां सीखी हैं और अब भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट न्यूज टीम में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

आजम ने ग्रेजुएशन तक विज्ञान की पढ़ाई की है, लेकिन राजनीतिक विषयों में रुचि उनको पत्रकारिता की तरफ खींच लाई। आजम ने अपना पोस्ट ग्रेजुएशन देश के अग्रणी संस्थानों में से एक भारतीय जनसंचार संस्थान से पूरा किया। विज्ञान बैकग्राउंड होने के चलते आजम को फैक्ट आधारित पत्रकारिता करने में महारत हासिल है।


राजनीतिक पत्रकारिता में आजम

आजम की देश की राजनीति में काफी रुचि है। आजादी के पहले से लेकर आजादी के बाद की राजनीतिक घटनाओं की कई किताबों का अध्ययन होने के चलते अच्छी समझ है। यही कारण रहा कि आजम ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीतिक बीट से की। राजनीति के साथ आजम क्राइम और सोशल मीडिया पर वायरल चल रही खबरों में भी अच्छी महारत हासिल है।


पत्रकारिता का उद्देश्य

आजम का मानना है कि पत्रकारिता जनपक्षीय होनी चाहिए। पत्रकारिता के दौरान अपनी भावनाओं को काबू में रखकर तथ्य आधारित पत्रकारिता आजम को जिम्मेदार बनाती है। पत्रकारिता में आजम तथ्य आधारित सूचनाएं पहुंचाने के साथ ही, साहित्यिक लेखन में भी महारत हासिल है।


विशेषज्ञता ( Area of Expertise )

पॉलिटिकल और क्राइम की खबरें
राजनीति से जुड़े लोगों के इंटरव्यू
क्राइम और वायरल खबरें
पॉलिटिकल एक्सप्लेनर

और पढ़ें