Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsYouth Participation in Democracy National Voter s Day Celebrated with Rally and March
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पदयात्रा और साइकिल रैली, युवाओं को दिलाई गई मतदान की शपथ

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पदयात्रा और साइकिल रैली, युवाओं को दिलाई गई मतदान की शपथ

संक्षेप:

रांची में 'मेरा युवा भारत' कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर भव्य पदयात्रा और साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली मोरहाबादी से शुरू होकर विभिन्न स्थलों से गुजरी। विधायक सीपी सिंह और डॉ. आशा लकड़ा ने मतदान के महत्व पर जोर दिया। युवाओं को मतदान की शपथ दिलाई गई।

Jan 25, 2026 06:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची, विशेष संवाददाता। ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भव्य पदयात्रा और साइकिल रैली निकाली गई। यह रैली बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम (मोरहाबादी) के गेट संख्या-16 स्थित साई सेंटर से प्रारंभ होकर ऑक्सीजन पार्क, राजकीय अतिथिशाला, रेड क्रॉस, बापू वाटिका और राजकीय पुस्तकालय से गुजरते हुए पुनः साई सेंटर पर समाप्त हुई। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। समारोह में मुख्य अतिथि विधायक सीपी सिंह और विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा, राज्य निदेशक ललिता कुमारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज उपस्थित थे।

विधायक सीपी सिंह ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति कर्तव्य है। डॉ. आशा लकड़ा ने जोर दिया कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र का आधार हैं। राज्य निदेशक ललिता कुमारी ने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं को मतदान की शपथ दिलाई गई। इसके सफल संचालन में अशोक कुमार मंडल और आसिफ सहित अन्य स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में साई के वरीय कोच जगन टोपनो, जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार, डॉ. कमल कुमार बोस और विवेकानंद यूथक्वेक फाउंडेशन के अध्यक्ष गौरव अग्रवाल सहित एसएसबी और सीआईएसएफ के पदाधिकारी भी शामिल हुए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;