जोन्हा फॉल के समीप पेड़ से लटका मिला युवक का शव
जोन्हा फॉल के समीप पेड़ से लटका मिला युवक का शव लखीसराय बिहार का रहने

अनगड़ा,प्रतिनिधि। अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित जोन्हा फॉल के समीप बुधवार सुबह बरगद के पेड़ से फंदे पर लटका एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहार के लखीसराय जिला अंतर्गत सलोना चक निवासी 18 वर्षीय प्रणव कुमार, पिता टुनटुन सिंह के रूप में हुई है। पिता ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से प्रणव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। सूचना मिलते ही सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव, थाना प्रभारी गौतम रजवार और एएसआई सत्येंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन लखीसराय से रांची के लिए रवाना हो चुके थे。
प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी
रांची के लालपुर में रहकर कर रहा था प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी
प्रणव कुमार ने बिहार के विद्या भवन बालिका विद्यापीठ, लखीसराय से इंटर की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह रांची के लालपुर स्थित एक लॉज में रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह रांची के पाठशाला कोचिंग संस्थान में पढ़ाई करता था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि वह जोन्हा फॉल और सीता फॉल क्षेत्र तक कैसे पहुंचा। पुलिस उसके मोबाइल कॉल डिटेल और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
शव की पहचान
बकरी चरा रही बच्चियों ने देखा शव
बुधवार सुबह करीब छह बजे गांव की कुछ बच्चियां सीता फॉल जाने वाले रास्ते के पास बकरी चरा रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर बरगद के पेड़ पर फंदे से लटक रहे शव पर पड़ी। बच्चियों ने इसकी सूचना तुरंत गुड़ीडीह मुखिया विजय उरांव को दी। ग्रामीणों के अनुसार शव काफी ऊंचाई पर पेड़ की डाल में नायलॉन की मोटी रस्सी के सहारे लटका हुआ था। शव को नीचे उतारने के लिए पेड़ की डाल काटनी पड़ी, क्योंकि वहां तक पहुंचना बेहद मुश्किल था। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रश्नोत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


