
दो दिन से लापता युवक का शव कुएं से बरामद
गुडू के 19 वर्षीय अमित उरांव का शव खेत में बने कुएं से बरामद किया गया। वह दो दिनों से लापता था और उसके परिजन उसकी खोज कर रहे थे। ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रातू, प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र अंतर्गत केवला मोड़ गुडू स्थित गांव के खेत में बने कुएं से गुरुवार की सुबह पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। शव की पहचान गुडू निवासी 19 वर्षीय अमित उरांव, पिता बिरसा उरांव के रूप में की गई है। बताया गया कि अमित बीते दो दिनों से लापता था, जिसे लेकर परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया था। गुरुवार की सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना रातू थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला।
बाहर निकालने पर उसकी पहचान परिजनों द्वारा की गई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक युवक नशे का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रहता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




