
हुंडरू फॉल में पर्यटनकर्मियों ने डूबने से बचाई युवक की जान
अनगड़ा, प्रतिनिधि। हुंडरू फॉल में बोकारो लालपनिया से घूमने आए रंजन कुमार महतो को डूबने से बचाया गया। वह अपने दोस्त के साथ झरने के पास चेहरा धोने गए थे, तभी उनका पैर फिसल गया। स्थानीय पर्यटकों और...
अनगड़ा, प्रतिनिधि। हुंडरू फॉल में बोकारो लालपनिया से घूमने आए युवा पर्यटक रंजन कुमार महतो को तैनात पर्यटनकर्मियों ने मंगलवार को डूबने से बचा लिया। घटना दोपहर करीब तीन बजे हुई। बताया जाता है कि रंजन कुमार महतो अपने दोस्त के साथ झरना देखने पहुंचे थे। वह झरने के समीप मनतूमारा दह के डेंजर जोन के पास चेहरा धोने गए थे, तभी पैर फिसलने से वे पानी में गिर गए और तेज धार में बहने लगे। यह देख उसके दोस्त के चिल्लाने से पास मौजूद पर्यटक मित्र चंद्र उदय बेदिया, रंजन बेदिया, महेश्वर बेदिया, स्थानीय दुकानदार अरुण बेदिया और जितू बेदिया घटनास्थल पर पहुंचे।
तबतक रंजन कुमार महतो तेज बहाव में दूर चले गए थे। इसके बाद चंद्र उदय और रंजन बेदिया ने बिना देर किए साहस दिखाते हुए पानी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद डूब रहे रंजन कुमार महतो को पकड़कर अन्य सहयोगियों के साथ सुरक्षित बाहर निकाला। झारखंड पर्यटन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि डेंजर जोन में लाल झंडा और सावधानी संबंधी चेतावनी लिखी होने के बावजूद कई पर्यटक तैनात पर्यटनकर्मियों की बात नहीं मानते। इसके कारण कर्मियों को जोखिम उठाना पड़ता है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि झरने के डेंजर जोन में जाने से बचें और पर्यटनकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसे रोके जा सकें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




