कमंता डैम में नहाने गया युवक लापता, डूबने की आशंका

Mar 05, 2026 08:43 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

खूंटी के कमंता डैम में नहाने गए 21 वर्षीय युवक आकाश पूर्ति रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। दोस्तों के साथ डैम पहुंचे आकाश के कपड़े और मोबाइल किनारे मिले, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस और ग्रामीण उसकी खोज कर रहे हैं। यदि रात तक कुछ पता नहीं चलता, तो गोताखोरों से मदद ली जाएगी।

कमंता डैम में नहाने गया युवक लापता, डूबने की आशंका

खूंटी, संवाददाता। खूंटी थाना क्षेत्र के कमंता डैम में दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक गुरुवार दोपहर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। आशंका जताई जा रही है कि युवक डैम के गहरे पानी में डूब गया होगा। लापता युवक की पहचान अनिगड़ा गांव निवासी 21 वर्षीय आकाश पूर्ति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आकाश पूर्ति अपने गांव के पांच दोस्तों करण सिंह, बिंदेश्वर होरो, सुखराम पाहन, घसिराय पाहन और सुबोध सारुकद पूर्ति के साथ गुरुवार दोपहर करीब दो बजे एक टेम्पो से कमंता गांव स्थित कमंता डैम नहाने के लिए पहुंचे थे। काफी देर तक डैम में नहाने के बाद जब सभी युवक बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि डैम किनारे आकाश पूर्ति के कपड़े और मोबाइल रखा हुआ है, लेकिन वह खुद वहां मौजूद नहीं था।

आसपास काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।इसके बाद युवकों ने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने मामले की सूचना खूंटी थाना को दी। सूचना मिलते ही खूंटी के अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी बिपिन चंद्र विश्वास तथा थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवकों से पूछताछ कर लापता युवक की तलाश शुरू कर दी।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं युवक किसी अन्य स्थान पर तो नहीं चला गया है। इसके लिए उसके परिजनों व परिचितों से भी जानकारी ली जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की तलाश के लिए रीमिक्स फॉल के गोताखोरों को सूचना दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर एसडीआरएफ की भी मदद ली जाएगी। यदि रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिलता है तो शुक्रवार को गोताखोरों की मदद से डैम में उसकी तलाश की जाएगी।घटना की सूचना मिलते ही अनिगड़ा और कमंता गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण डैम के किनारे जुट गए। कुछ देर बाद आकाश पूर्ति के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आकाश के साथ नहाने आए सभी युवकों को पूछताछ के लिए थाना ले गई है। बताया जाता है कि आकाश पूर्ति फुटबॉल खिलाड़ी भी था और स्थानीय स्तर पर काफी लोकप्रिय था। वह एक कार वॉशिंग सेंटर में काम भी करता था। फिलहाल पुलिस और ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश जारी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।