
खूंटी में शौचालय दिवस पर निकाली गई स्वच्छता रैलियां
खूंटी जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत विश्व शौचालय दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में शौचालय उपयोग, स्वच्छता व्यवहार और कचरा प्रबंधन पर जागरूकता फैलाने के लिए रैलियां और चर्चाएं आयोजित की गईं। ग्रामीणों ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
खूंटी, संवाददाता। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), खूंटी के तहत विश्व शौचालय दिवस जिलेभर में उत्साहपूर्वक मनाया गया। ग्राम स्तर से लेकर स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विभिन्न संस्थाओं तक कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें शौचालय उपयोग, स्वच्छता व्यवहार और कचरा प्रबंधन को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष आम सभाएं, समूह चर्चा एवं स्वच्छता रैलियों का आयोजन भी किया गया। जलसहिया ने आईपीसी माध्यम से ग्रामीणों को शौचालय के नियमित उपयोग, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक कचरे के सही निपटान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रमों में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर अड़की प्रखंड के नोढ़ी, सिंदरी, पुरनानगर, सरगेया, उपरबालालौंग एवं हुंठ पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। इसके साथ ही खूंटी प्रखंड के गुटजोरा, फुदी और तिरला पंचायतों में सामुदायिक चर्चाओं के जरिए शौचालय उपयोग की अनिवार्यता पर संवाद हुआ। मुरहू प्रखंड के बिचना, कुंजला, कोड़ाकेल, बिन्दा, मुरहू, गोड़ाटोली, गनालोया, इंदिपिड़ि, रूमुतकेल और कुदा पंचायतों में भी स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों की विशेष भागीदारी देखी गई। कर्रा, तोरपा और रनिया प्रखंडों की कई पंचायतों में भी स्वच्छता जागरुकता गतिविधियां संचालित हुईं। विश्व शौचालय दिवस को लेकर जिले मे मुख्य कार्यक्रम सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस एसएस हाई स्कूल में आयोजित किया गया, जहां जिला समन्वयक, अभियंता एवं प्रखंड समन्वयकों की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने स्वच्छता रैली, समूह चर्चा और शपथ ग्रहण किया। विद्यालय प्रबंधन ने खूंटी को ओडीएफ प्लस श्रेणी में लाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, जिला व प्रखंड समन्वयकों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण, जल सहिया और महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने जिले को स्वच्छता के क्षेत्र में आदर्श बनाने और ओडीएफ प्लस के लक्ष्य प्राप्ति की सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


