ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीगांवों में हर घर बिजली पहुंचाने में गढ़वा, पलामू पिछड़े

गांवों में हर घर बिजली पहुंचाने में गढ़वा, पलामू पिछड़े

सौभाग्य योजना के तहत हर घर को बिजली कनेक्शन देने में गढ़वा और पलामू राज्य में सबसे पीछे हैं। गढ़वा में केवल 24.08 प्रतिशत घरों तक कनेक्शन जोड़ा जा सका है जबकि पलामू में अब तक 33.48 प्रतिशत घरों तक ही...

गांवों में हर घर बिजली पहुंचाने में गढ़वा, पलामू पिछड़े
हिन्दुस्तान टीम,रांचीSat, 26 May 2018 01:56 AM
ऐप पर पढ़ें

सौभाग्य योजना के तहत हर घर को बिजली कनेक्शन देने में गढ़वा और पलामू राज्य में सबसे पीछे हैं। गढ़वा में केवल 24.08 प्रतिशत घरों तक कनेक्शन जोड़ा जा सका है जबकि पलामू में अब तक 33.48 प्रतिशत घरों तक ही बिजली पहुंचाई जा सकी है। इन जिलों के घने जंगलों में सुदूर बसे गांवों के हर घर को दिसंबर तक बिजली कनेक्शन से जोड़ना जेबीवीएनएल के लिए कठिन समय नजर आ रहा है। ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी और जेबीवीएनएल के एमडी एक-एक जिले में चल रहे कार्यों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।

घर-घर बिजली पहुंचाने में देवघर सबसे आगे

सौभाग्य में घर-घर बिजली पहुंचाने की योजना के अंतर्गत राज्य में सबसे अच्छा काम देवघर में देखने को मिल रहा है। यहां 79.27 प्रतिशत घरों तक बिजली पहुंचाने में कामयाबी मिल गई है। इसी प्रकार पूर्वी सिंहभूम के 77.61, बोकारो के 73.82 और कोडरमा के 70 प्रतिशत घरों को बिजली कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है।

दूसरी ओर रांची, जामताड़ा, धनबाद, गोड्डा, लातेहार आदि जिलों में बेहतर काम हो रहा है। इन जिलों में 60 प्रतिशत से अधिक घरों तक बिजली पहुंचा दी गई है। जामताड़ा, लातेहार में भी चुनौतियां काफी हैं, लेकिन यहां काम लक्ष्य के मुताबिक है। जेबीवीएनएल के अधिकारियों का कहना है कि अब तक बिजली के पोल लगाकर तार जोड़ने का काम किया जा रहा था। इसमें समय अधिक लगता है। पोल से घरों को कनेक्शन देने में अधिक वक्त नहीं लगेगा।

दुमका, चाईबासा में विद्युतीकरण चुनौती

राज्य में 24 घंटे बिजली के लिए किए जा रहे विद्युतीकरण का कार्य दुमका और चाईबासा में लक्ष्य से पीछे चल रहा है। दिसंबर तक काम पूरा करना बड़ी चुनौती बन गई है। दुमका में 17 फीडरों पर काम किया जा रहा है। पश्चिम सिंहभूम में 20 फीडरों पर काम चल रहा है। जंगल का इलाका अधिक होने के कारण यहां संसाधन पहुंचाने के अलावा कई और चुनौतियां सामने आ रही हैं। सीएमडी डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने समीक्षा बैठक के दौरान मानव श्रम बढ़ा कर काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है। बरसात से पहले बिजली के खंभों को लगाने का काम पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।

जिला विद्युतीकरण का प्रतिशत

रांची 60.65

गिरिडीह 45.96

पलामू 33.48

हजारीबाग 49.21

दुमका 60.18

प. सिंहभूम 41.39

देवघर 79.27

बोकारो 73.82

गोड्डा 65.96

गढ़वा 24.08

सरायकेला-खरसावां 63.94

धनबाद 69.56

पू. सिंहभूम 77.61

चतरा 47.85

साहिबगंज 58.54

पाकुड़ 51.77

गुमला 52.85

जामताड़ा 60.75

सिमडेगा 43.15

लातेहार 66.89

रामगढ़ 57.88

खूंटी 46.19

कोडरमा 70.01

लोहरदगा 47.18

कुल 57.64

नोट : आंकड़े भारत सरकार की सौभाग्य वेबसाइट से ली गई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें